लखनऊ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव, भगवान श्रीकृष्ण को चढ़ाया गया 56 भोग

Govardhan Puja and Annakut Mahotsav were celebrated with great enthusiasm in Lucknow; '56 Bhog' (56 food offerings) were presented to Lord Shri Krishna.
 
dggsvs
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्री श्री राधारमण बिहारी (इस्कॉन) मंदिर में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी के कुशल निर्देशन में आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी द्वारा गोवर्धन शिला के अभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर में उपस्थित भक्तों ने गोवर्धन महाराज एवं भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए। इसके बाद गोवर्धन कथा, भजन-कीर्तन और नृत्य सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महोत्सव का समापन भोजन प्रसाद एवं भव्य अन्नकूट भंडारे के साथ हुआ।


गोवर्धन पूजा से मिलता है भक्ति और समर्पण का संदेश


गोवर्धन कथा के दौरान अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने सात वर्ष की आयु में सात कोस के गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर सात दिनों तक धारण किया था। इस लीला के माध्यम से भगवान ने भक्तों को अपनी शरण में आने और परमात्मा की भक्ति का संदेश दिया।


उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की उपासना से मनुष्य अपने पाप कर्मों और दुष्कर्मों से मुक्ति पाने का मार्ग प्राप्त कर सकता है। कथा में यशोदा मैया और नंद बाबा के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने गाय, ब्राह्मणों और गिरिराज गोवर्धन की पूजा के महत्व पर भी प्रकाश डाला।


हरे कृष्ण महामंत्र और गीता पाठ का किया आह्वान
कार्यक्रम के अंत में मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक हरे कृष्ण महामंत्र का जाप करने तथा श्रीमद्भगवद्गीता का नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान और भगवान के नाम का स्मरण जनमानस के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।


मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।


आयोजक: इस्कॉन मीडिया समूह, श्री श्री राधारमण बिहारी मंदिर, सेक्टर-एफ, सुशांत गोल्फ सिटी, सुलतानपुर रोड, लखनऊ।
मीडिया प्रभारी: श्रवण सिंधु प्रभु जी एवं रति वल्लभ दास।

Tags