लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी को सर्वांगीण गतिविधियों के लिए राज्यपाल ने किया सम्मानित
लखनऊ। राजभवन में आयोजित भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की वार्षिक आम सभा (AGM) में लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी को वर्ष 2025-26 में सर्वांगीण गतिविधियों के लिए सम्मानित किया गया। आदरणीय राज्यपाल महोदया ने लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी की सेवाओं और सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए संस्था को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता एवं आपदा प्रबंधन के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंच पर उपमुख्यमंत्री एवं सभापति भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश श्री ब्रजेश पाठक, उपसभापति अमरनाथ मिश्र, सचिव रामानंद कटियार, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी दिल्ली की संयुक्त सचिव श्रीमती बांसुरी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
रक्तदान और स्वास्थ्य सेवाओं में सक्रिय योगदान
लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव अमरनाथ मिश्र ने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान संस्था ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्य किए। संस्था की ओर से 297 यूनिट रक्तदान कराया गया, जबकि 486 टीबी मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान के तहत 8 पैट्रन मेंबर बनाए गए। जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए 6 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा अस्पतालों को 50 व्हीलचेयर और 50 स्ट्रेचर प्रदान किए गए।
दिव्यांगों और जरूरतमंदों की भी की मदद
रेड क्रॉस सोसाइटी ने सर्दियों के दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण भी किया। वहीं, दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 ट्राईसाइकिल वितरित की गईं।
अमरनाथ मिश्र ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक मानवीय सहायता पहुंचाना और समाज के कमजोर वर्गों को हरसंभव सहयोग प्रदान करना है। लखनऊ टीम द्वारा स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, रक्तदान, दिव्यांग सहायता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान पूरी टीम के लिए उत्साहवर्धन का विषय है और इससे भविष्य में सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी।
अमरनाथ मिश्र
सचिव, रेड क्रॉस सोसाइटी, लखनऊ
