लखनऊ पब्लिक कॉलेज, राजाजीपुरम (A-Block) में वार्षिकोत्सव ‘Trailblazers’ का भव्य आयोजन
लखनऊ। लखनऊ पब्लिक कॉलेज, A-ब्लॉक राजाजीपुरम शाखा ने अपने वार्षिकोत्सव “Trailblazers” का भव्य आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में इंटरनेशनल पैरा ताइक्वांडो कोच डॉ. सैयद रफत जुबेर रिजवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सैयद फैज़ी (सदस्य, शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड) और समाजसेवी डॉ. विभा सिंह मौजूद रही। द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि प्रो. एस. रियाज मेहंदी (डीन, एरा मेडिकल कॉलेज) तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. शैलेंद्र कुमार दिवाकर, असिस्टेंट प्रोफेसर (रेडियोलॉजी) उपस्थित रहे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या भारती गोसाई ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की उपलब्धियों को आकर्षक PPT प्रस्तुति के माध्यम से साझा किया। संस्थान की मुख्य प्रशासिका एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य कांति सिंह, प्रबंध निदेशक सुशील कुमार और जनरल मैनेजर शिखरपाल सिंह ने शिक्षा प्रणाली में Generation Alpha एवं Generation Z की जरूरतों के अनुसार हो रहे परिवर्तनों और लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेज़ की अग्रणी भूमिका पर प्रेरक विचार व्यक्त किए।
मेधावी छात्रों का सम्मान
कार्यक्रम में ICSE-2025 में 90% व उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि अर्जित करने वाले 166 उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अभिभावकों को शॉल भेंट की गई तथा मेधावी विद्यार्थियों के शिक्षकों का भी बुके, शॉल और चेक देकर सम्मान किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता मन
छात्रों द्वारा प्रस्तुत “नई सोच नई ज़िंदगी”, “Generation of Ragas”, “Youth Odyssey”, “Forest of Dreams”, “Scales of Justice”, “Sports Fusion” और “Crescendo” जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
