लखनऊ में ‘आई-इंस्पिरेशन अवॉर्ड्स 2026’ का भव्य आयोजन: शिक्षा में एआई और महिला सशक्तिकरण पर मंथन
Lucknow hosts the grand celebration of the ‘i-Inspiration Awards 2026’: a discussion on AI in education and women empowerment
Thu, 23 Apr 2026
लखनऊ।
राजधानी लखनऊ में प्रेरणा, नवाचार और सामाजिक बदलाव का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब “आई-इंस्पिरेशन अवॉर्ड्स 2026 – 5वां संस्करण” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वी केयर फाउंडेशन एवं महर्षि सूचना प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजेश पाठक रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में नम्रता पाठक, अवनीश सिंह, नीरज बोरा एवं डॉ. प्रियंका मौर्य शामिल रहे।
कार्यक्रम का आयोजन Hilton Garden Inn Lucknow में किया गया, जहां शिक्षा, प्रेरणा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
इस आयोजन की खासियत समकालीन विषयों पर हुई पैनल चर्चाएं रहीं। “शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का भविष्य” विषय पर विशेषज्ञों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका, अवसरों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने माना कि एआई भविष्य में शिक्षा को अधिक व्यक्तिगत, प्रभावी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी।
“वेलबीइंग भीतर से शुरू होता है – फिटनेस” सत्र में महिलाओं के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि एक सशक्त समाज की नींव स्वस्थ और जागरूक महिलाओं पर ही टिकी होती है।
इस अवसर पर बृजेश पाठक ने डॉ. रेनू सिंह की पुस्तक “पीड़ा से प्रेरणा: महिलाओं को सशक्त बनाना, परिवर्तन को प्रेरित करना” का विमोचन किया। यह पुस्तक महिलाओं के संघर्ष और उनकी प्रेरणादायक यात्राओं को उजागर करती है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा दिखाती है।
कार्यक्रम का नेतृत्व भी डॉ. रेनू सिंह द्वारा किया गया, जो लंबे समय से महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
इस मौके पर नम्रता पाठक ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने महिला वंदन अधिनियम पर अपनी बात रखते हुए कहा कि देश की महिला शक्ति अन्याय के खिलाफ खड़ी होकर बदलाव लाने की क्षमता रखती है।
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. भानु प्रताप, दीक्षा सचदेवा, डॉ. गीता खन्ना, डॉ. ऋचा मिश्रा, अनिता अग्रवाल और डॉ. विजय रत्ना तोमर शामिल रहे।
इस दौरान विभिन्न विद्यालयों की प्रधानाचार्याओं को “आई-इंस्पिरेशन अवॉर्ड्स” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का यह पांचवां संस्करण रहा, जो इसकी निरंतर सफलता और समाज पर सकारात्मक प्रभाव को दर्शाता है।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण देश की पहली महिला बैंड की प्रमुख जया तिवारी की प्रस्तुति रही, जिन्होंने अपने स्वलिखित गीत के माध्यम से महिलाओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
“आई-इंस्पिरेशन अवॉर्ड्स 2026” केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच बनकर उभरा है, जहां विचार, प्रेरणा और नवाचार मिलकर समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
