जीआईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज में डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 का भव्य समापन
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। जीआईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज, लखनऊ में आयोजित डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 (लखनऊ जोन) का समापन समारोह भव्य एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन गोएल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन इंजी. महेश कुमार अग्रवाल के संरक्षण में किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), उत्तर प्रदेश के संकायाध्यक्ष (वास्तुकला संकाय) डॉ. अरुण तिवारी तथा संकायाध्यक्ष (प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट) डॉ. अरुणिमा वर्मा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में उप-कुलसचिव डॉ. आयुष श्रीवास्तव और संकायाध्यक्ष (अनुसंधान एवं औद्योगिक सहयोग) डॉ. भावेश कुमार चौहान ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस अवसर पर गोएल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक (समन्वय एवं योजना) डॉ. आलोक जैन सहित एकेटीयू एवं लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध सातों महाविद्यालयों के निदेशक और प्राचार्य भी मौजूद रहे।
कई खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह
स्पोर्ट्स फेस्ट के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। एथलेटिक्स में 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़ के साथ 4×100 मीटर रिले दौड़ आयोजित हुई। इसके अतिरिक्त भाला फेंक, गोला फेंक, चक्का फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
टीम एवं इंडोर खेलों में शतरंज, बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विभिन्न महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
खेलों से विकसित होती है नेतृत्व और टीम भावना
समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
समारोह के अंत में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। जीआईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. ऋषि अस्थाना ने मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों तथा प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने वाले एकेटीयू से संबद्ध इंजीनियरिंग एवं फार्मेसी कॉलेजों के निदेशकों, लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों और पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने खेल अधिकारियों, निर्णायकों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का भी विशेष धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उत्साह और उल्लास से भरे माहौल में पुरस्कार वितरण के साथ डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 का समापन हुआ।
