अमीफोरिया 2026 का भव्य आयोजन
लखनऊ। अमिटी विश्वविद्यालय लखनऊ परिसर में वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव अमीफोरिया 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष का प्रेरणादायी विषय “Explore, Experience, Enjoy” रहा, जिसने विद्यार्थियों को नई संभावनाओं की खोज करने, विविध अनुभवों को आत्मसात करने और प्रत्येक क्षण का आनंद लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन माननीय प्रो. (डॉ.) अनिल वशिष्ठ (प्रो-वाइस चांसलर), प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार तिवारी (डिप्टी प्रो-वाइस चांसलर) तथा डॉ. राजीव वर्मा (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उनके सान्निध्य ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
महोत्सव का शुभारंभ भव्य परेड से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात स्वर्गीय धर्मेंद्र की थीम पर आधारित एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति (स्किट) प्रस्तुत की गई, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों पर आधारित रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिनमें देश की सांस्कृतिक विविधता, परंपराओं और लोकधुनों की सुंदर झलक देखने को मिली।
तीन दिवसीय इस महोत्सव में नृत्य, संगीत, नाटक, फैशन शो तथा विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, ऊर्जा और समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे पूरा परिसर उल्लास और उमंग से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम का संचालन छात्र मास्टर ऑफ सेरेमनी दिव्यांश सिंह एवं तान्या सोनी ने अत्यंत प्रभावशाली और ऊर्जावान शैली में किया। दोनों ने पूरे आयोजन को सुचारु एवं आकर्षक ढंग से संचालित करते हुए दर्शकों को अंत तक जोड़े रखा।
अमीफोरिया 2026 ने अपनी थीम के अनुरूप विद्यार्थियों को एक ऐसा मंच प्रदान किया, जहाँ उन्होंने खोजा, अनुभव किया और भरपूर आनंद लिया। यह महोत्सव विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समृद्धि, सृजनात्मकता और युवा ऊर्जा का सशक्त प्रतीक बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
