जी.जी.आई.सी. इंदिरानगर में ‘पंख’ करियर मेले का भव्य आयोजन

करियर मेला छात्राओं की स्किल डेवेलपमेंट के लिए उपयोगी पहल — डॉ. दिनेश कुमार
● विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों ने निःशुल्क कोर्सों और करियर विकल्पों की दी जानकारी
 
जी.जी.आई.सी. इंदिरानगर में ‘पंख’ करियर मेले का भव्य आयोजन
लखनऊ। दिनांक 12 नवम्बर 2025 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, इंदिरानगर, लखनऊ में “पंख करियर मेला” का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मंडल डॉ. दिनेश कुमार एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय सभासद श्रीमती कल्पना वर्मा और श्रीमती अंजलि सिंह उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती किरन सिंह ने अतिथियों का स्वागत मिनी प्लांटर भेंट कर किया और मेले के उद्देश्य एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला।

oui9ppi

करियर मेले में अनेक प्रमुख संस्थानों और संगठनों ने भाग लिया, जिनमें क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय लखनऊ, टेक्नो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, समर्पण इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, वीएलसीसी, इंस्टीट्यूट ऑफ एविएशन, हॉस्पिटैलिटी एंड रिटेल, महिंद्रा इंस्टीट्यूट, जूट फॉर लाइफ, तथा दयालबाग यूनिवर्सिटी शामिल रहीं।

इन संस्थानों के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को निःशुल्क कोर्स, रोजगार के अवसरों और करियर निर्माण की दिशा में उपयोगी जानकारी प्रदान की।इस अवसर पर आईटीआई अलीगंज से आया “स्किल रथ” भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहाँ छात्राओं को एआई (AI) और ड्रोन तकनीक की लाइव डेमो के माध्यम से जानकारी दी गई।

ui90i

विशिष्ट अतिथि श्रीमती अंजलि सिंह, जो महिला स्वयं सहायता समूह संचालित करती हैं, ने छात्राओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित किया। वहीं श्रीमती कल्पना वर्मा ने छात्राओं को अपनी क्षमता पहचानकर आगे बढ़ने का संदेश दिया और विद्यालय को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि “आज के तकनीकी युग में ज्ञान ही सबसे बड़ी पूंजी है। यदि छात्राएं दृढ़ निश्चय और इच्छाशक्ति से प्रयास करें, तो वे जीवन में किसी भी मुकाम को हासिल कर सकती हैं।”

i0ui

इस अवसर पर विद्यालय की पूर्व छात्राओं और उनके अभिभावकों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. श्वेता श्रीवास्तव (करियर गाइडेंस प्रभारी) और शिक्षिकाओं की टीम ने किया, जबकि आयोजन का संपूर्ण नेतृत्व प्रधानाचार्या श्रीमती किरन सिंह के निर्देशन में हुआ।

मेले के माध्यम से विद्यालय की सभी छात्राओं को करियर, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जुड़ी उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई, जिससे वे भविष्य की दिशा में और अधिक सशक्त हो सकें।

Tags