इलाहाबाद पब्लिक स्कूल में ‘सारंग : फील इंडिया 2026’ का भव्य आयोजन
वार्षिक खेलकूद दिवस पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल प्रतियोगिताओं के जरिए दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को पदक देकर किया गया सम्मानित
लखनऊ। लखनऊ स्थित इलाहाबाद पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद दिवस ‘सारंग : फील इंडिया 2026’ का आयोजन हर्षोल्लास और अनुशासन के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता, परंपराओं और कलात्मक विरासत को रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। समारोह की थीम भगवान श्रीराम के दिव्य धनुष ‘सारंग’ से प्रेरित रही, जो एकाग्रता और आंतरिक शक्ति का प्रतीक है।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रबंधक विशाल पांडेय, प्रधानाचार्या मीनाक्षी सिन्हा और मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येंद्र बारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पी.एस. मीडिया न्यूज़ के चेयरमैन सुनील कुमार वर्मा और लाइव टीवी के संपादक विमलेश सिंह भी मौजूद रहे।
मशाल प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ सांस्कृतिक समारोह
कार्यक्रम की शुरुआत मशाल प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद कक्षा छह के विद्यार्थियों ने सर्वधर्म प्रार्थना ‘यह चमक यह धमक’ प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों ने ‘मछुआरा नृत्य’, ‘मल्हारी’, ‘रास गरबा’, ‘राम कथक’, ‘अली बाबा और चालीस चोर’, ‘भांगड़ा’ और ‘लावणी’ जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं, पुलवामा और पहलगाम के वीरों को समर्पित नृत्य नाटिका ‘फोर मूड्स’ के माध्यम से वीरता और देशभक्ति का संदेश दिया गया। स्कूल बैंड की प्रस्तुति के साथ मणिपुरी नृत्य और कथकली के भव्य ग्रैंड फिनाले ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
स्कूल परिसर में विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बॉल बैलेंसिंग, थ्री-लेग रेस, सैक रेस, शटल रन, 100 और 200 मीटर दौड़ तथा रिले रेस शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, स्केटिंग, कैरम, शतरंज और टेबल टेनिस जैसी प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान ‘10वीं जेपीएसएस अंतर-विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026’ की विजेता अंडर-19 बालक टीम, कबड्डी टीम और रोलर स्केटिंग चैंपियन अज़ान खान को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्य अतिथि सत्येंद्र बारी ने विद्यार्थियों के अनुशासन, ऊर्जा और उत्साह की सराहना की। उन्होंने आयोजन में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को सराहा। कार्यक्रम के दौरान निदेशक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह का समापन प्रधानाचार्या मीनाक्षी सिन्हा के संबोधन के साथ हुआ।
आयोजन में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। सांस्कृतिक विविधता, खेल भावना और अनुशासन से सजे इस वार्षिक समारोह ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।
