बलरामपुर में सुआव पुल के सौंदर्यीकरण का भव्य लोकार्पण, संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत
महंत मिथिलेश नाथ योगी और एनजीटी सदस्य न्यायमूर्ति डॉ. अफरोज अहमद ने किया उद्घाटन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बलरामपुर। जनपद के सुआव पुल के सौंदर्यीकरण कार्य का भव्य लोकार्पण समारोह श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। श्री देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के सदस्य न्यायमूर्ति डॉ. अफरोज अहमद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और विधिवत उद्घाटन कर सौंदर्यीकरण कार्य जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम में गेल्हापुर के महंत बृजानंद जी महाराज, श्री हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत महेंद्र दास जी महाराज तथा सदर विधायक पल्टूराम की विशेष उपस्थिति रही।
समारोह को संबोधित करते हुए एनजीटी सदस्य न्यायमूर्ति डॉ. अफरोज अहमद ने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाओं का निर्माण करना नहीं है, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और जनसुविधाओं के बीच संतुलन स्थापित करना भी है। सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण न केवल नगर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी पैदा करता है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देते हैं।

सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा सौंदर्यीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सुआव पुल का सौंदर्यीकरण नगर की सुंदरता में नया आयाम जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे। बलरामपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित जनपद बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ पालिका लगातार विकास कार्य करा रही है। सुआव पुल का सौंदर्यीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नगर के प्रमुख स्थलों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इस कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के प्रति उन्होंने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पूर्व जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ चन्द्र प्रकाश सिंह गुड्डू, बृजेन्द्र तिवारी, डीपी सिंह बैस, संजय शर्मा, संजय शुक्ल, विजय अग्रवाल, ताराचन्द्र अग्रवाल, मंजू तिवारी और साधना पाण्डेय सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
समारोह में संत-महात्माओं के आशीर्वचन और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। सुआव पुल का सौंदर्यीकरण बलरामपुर के विकास, स्वच्छता और नगरीय सौंदर्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।
