जीआईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज में डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 का भव्य शुभारंभ

Grand inauguration of Dr. Abdul Kalam Zonal Sports Fest 2026-27 at GITM Engineering College
 
u9u

ब्यूरो चीफ आर. एल. पाण्डेय लखनऊ। गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन इंजी. महेश कुमार अग्रवाल के संरक्षण में जीआईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज, लखनऊ में बहुप्रतीक्षित डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 (लखनऊ जोन) का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में खेल भावना, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का शानदार संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), उत्तर प्रदेश के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. राजीव कुमार, उप कुलसचिव डॉ. आयुष श्रीवास्तव, कर्नल मुकुल सिसोदिया तथा एकेटीयू के डीन (अनुसंधान एवं विकास) डॉ. भावेश कुमार चौहान ने विशिष्ट अतिथियों के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर डॉ. आलोक जैन, निदेशक (समन्वय एवं योजना) भी मौजूद रहे।

दीप प्रज्ज्वलन और खेल मशाल के साथ हुआ आगाज

उद्घाटन समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर खेल महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की गई। खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया और खेल भावना, अनुशासन तथा निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ ली। समारोह में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर जीआईटीएम के निदेशक डॉ. ऋषि अस्थाना ने संस्थान की उपलब्धियों और शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए ऐसे आयोजनों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

50 से अधिक संस्थानों के 2,500 से ज्यादा विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा

दो दिवसीय इस खेल महोत्सव में लखनऊ जोन के 50 से अधिक संस्थानों के 2,500 से अधिक विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिताओं के अंतर्गत एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस और शतरंज सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है।

इस खेल महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी से परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Tags