पीएनबी के दो दिवसीय खेलकूद महोत्सव का बीबीडी स्टेडियम में भव्य शुभारंभ

खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ लिया हिस्सा, क्रिकेट सहित विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित

 
awew

लखनऊ डेस्क आर एल पाण्डेय। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के अंचल कार्यालय, लखनऊ की ओर से बीबीडी स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय खेलकूद महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप अंचल प्रबंधक सैय्यद अतहर हुसैन काजमी एवं श्री विराज डोगरा ने किया।

इस अवसर पर एलसीवी के उप महाप्रबंधक प्रफुल्ल कुमार, अंचल के सहायक महाप्रबंधक मनीष जैन और नितिन मोहन, अयोध्या के मंडल प्रमुख रक्ति मावादान, लखनऊ मंडल के उप मंडल प्रमुख सुनील कुमार एवं कृष्लय तिवारी सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, प्रतिभागी और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

महोत्सव में अंचल के अधीनस्थ मंडल कार्यालयों की चार टीमों—अयोध्या, कानपुर, लखनऊ और सीतापुर—के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने खेल के प्रति अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप अंचल प्रबंधक सैय्यद अतहर हुसैन काजमी ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन करने और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, श्री विराज डोगरा ने कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे मानसिक दृढ़ता, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी मजबूत होता है। खेल जीवन में अनुशासन और सामूहिक सहयोग की भावना विकसित करते हैं।

उद्घाटन के बाद क्रिकेट और विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें 100 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़, 4×100 मीटर रिले, लंबी कूद और गोला फेंक की महिला एवं पुरुष वर्ग की स्पर्धाएं शामिल रहीं।

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित करने के साथ इन स्पर्धाओं का समापन किया गया। वहीं, क्रिकेट प्रतियोगिता महोत्सव के दूसरे दिन भी जारी रहेगी।

Tags