उत्तर प्रदेश में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि रहीं। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, केजीएमयू की कुलपति पद्मश्री प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद, युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के सचिव सुहास एल.वाई. (आईएएस) तथा MY Bharat उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में 300 से अधिक MY Bharat स्वयंसेवकों एवं केजीएमयू के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर ‘नशामुक्त एवं विकसित भारत’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। प्रदेश के सभी जिलों एवं विकास खंडों में भी जिला और ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों, युवा मंडलों तथा शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री ने दिया नशामुक्त और स्वस्थ भारत का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशामुक्त, स्वस्थ, आत्मविश्वासी और जागरूक होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक खेल, फिटनेस, योग, ध्यान, सांस्कृतिक गतिविधियों, सेवा कार्यों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से देशभर में संचालित किया जाएगा।
राज्यपाल का आह्वान—हर युवा एक जीवन बदले
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं से आह्वान किया कि प्रत्येक युवा कम-से-कम एक ऐसे व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि यदि हर युवा एक व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करे, तो नशामुक्त समाज का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने केजीएमयू द्वारा गोद लिए गए गांवों का उल्लेख करते हुए सुझाव दिया कि छात्र-छात्राएं समूह बनाकर घर-घर सर्वे करें, नशे से प्रभावित लोगों की पहचान करें और चिकित्सकीय परामर्श एवं जन-जागरूकता के माध्यम से उन्हें मुख्यधारा में लाने का प्रयास करें।
राज्यपाल ने स्वस्थ जीवनशैली पर बल देते हुए युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, पौष्टिक घरेलू भोजन अपनाने तथा ऑनलाइन भोजन पर अनावश्यक निर्भरता कम करने की सलाह भी दी।
युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि MY Bharat के माध्यम से यह अभियान युवाओं को नेतृत्व, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
केजीएमयू की कुलपति प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद ने कहा कि अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर युवा अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम उपयोग राष्ट्र निर्माण में कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्ति अभियान को गांव-गांव और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
100 सप्ताह तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
MY Bharat उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेशभर में वाकाथॉन, खेल एवं फिटनेस गतिविधियां, योग एवं ध्यान सत्र, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनसंवाद, डिजिटल ई-प्लेज अभियान तथा जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि MY Bharat के स्वयंसेवक इस अभियान को जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाएंगे।
नशामुक्त भारत की सामूहिक शपथ
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल, राज्य मंत्री, विश्वविद्यालय प्रशासन, वरिष्ठ अधिकारियों, MY Bharat स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की शपथ ली। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। यह अभियान युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
