‘राम-कृष्ण संवाद’ पुस्तक का भव्य विमोचन, अभिनव नाट्य प्रयोग की विद्वानों ने की सराहना

पूर्व डीजीपी महेश चंद्र द्विवेदी की अध्यक्षता में हुआ आयोजन, पद्मश्री डॉ. विद्या बिन्दु सिंह समेत साहित्यकारों ने की पुस्तक की प्रशंसा

 
rtgr

लखनऊ, ब्यूरो चीफ आर.एल. पाण्डेय।गोमतीनगर स्थित कबीर शांति मिशन के सभागार में मंगलवार को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और नट नागर श्रीकृष्ण के तुलनात्मक जीवन-वृत्त पर आधारित लेखक विनोद कुमार दीक्षित की सद्यः प्रकाशित पुस्तक ‘राम-कृष्ण संवाद’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) महेश चंद्र द्विवेदी ने की, जबकि संचालन कंचन शुक्ला ने किया। इस अवसर पर साहित्य और शिक्षा जगत से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं।

 

 

कार्यक्रम में पुस्तक की विषयवस्तु और लेखन की विशिष्टता पर चर्चा करते हुए लेखक विनोद कुमार दीक्षित ने बताया कि इस पुस्तक के लेखन के लिए बीस से अधिक संदर्भ ग्रंथों से सामग्री संकलित की गई है। पुस्तक के प्रारंभ में श्रीराम और श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रस्तुत की गई हैं। इसके बाद दोनों महापुरुषों के तुलनात्मक जीवन-वृत्त को नाट्य शैली में अभिव्यक्त किया गया है।

dsgre

उन्होंने बताया कि इस नाट्य प्रयोग की सबसे खास बात यह है कि इसमें संवाद के पात्र स्वयं श्रीराम और श्रीकृष्ण हैं। दोनों के बीच संवाद के माध्यम से उनके जीवन, व्यक्तित्व और विचारों के विभिन्न पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है। लेखक के अनुसार, इस तरह का प्रयोग साहित्य में एक अभिनव पहल है।

 

कार्यक्रम की अति विशिष्ट अतिथि पद्मश्री डॉ. विद्या बिन्दु सिंह ने लेखक के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि श्री दीक्षित का यह कार्य अत्यंत प्रशंसनीय है। हालांकि, किसी भी पुस्तक की वास्तविक सफलता का आकलन पाठकों की प्रतिक्रिया और उसकी स्वीकार्यता से होता है। अब देखना यह होगा कि पाठक इस अनूठी कृति को किस रूप में स्वीकार करते हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. सुधा मिश्रा और डॉ. सुल्तान शाकिर हाश्मी ने भी पुस्तक के अभिनव प्रयोग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विषय को प्रस्तुत करने का यह नया अंदाज निश्चित रूप से पाठकों को आकर्षित करेगा।

इस अवसर पर कुंवर वीर सिंह मार्तण्ड ने पुस्तक की विस्तार से समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि पुस्तक में कई ऐसे अछूते विषयों और पहलुओं पर तर्कपूर्ण ढंग से प्रकाश डाला गया है, जो लेखक के गहन अध्ययन और अनुसंधान को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि विनोद कुमार दीक्षित का यह प्रयास साहित्यिक दृष्टि से सराहनीय होने के साथ-साथ भविष्य के लेखकों और शोधार्थियों के लिए उपयोगी संदर्भ सामग्री भी साबित हो सकता है।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व डीजीपी महेश चंद्र द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीराम और श्रीकृष्ण के तुलनात्मक जीवन को संवाद के माध्यम से प्रस्तुत करना आसान विषय नहीं है। इसमें अनेक ऐसे तथ्य और प्रसंग हैं, जिन पर अलग-अलग विचार और मत प्रचलित हैं। इन सभी को समेकित कर संतुलित रूप में प्रस्तुत करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है।

उन्होंने कहा कि लेखक विनोद कुमार दीक्षित ने विभिन्न विवादित तथ्यों के बीच जिस कुशलता से तादात्म्य स्थापित किया है, वह उनकी गहन अध्ययनशीलता और अन्वेषणात्मक प्रवृत्ति का परिचायक है। यह शाश्वत विषय पर किया गया अभिनव साहित्यिक प्रयोग न केवल साहित्य को समृद्ध करता है, बल्कि लेखन की एक नई दिशा भी प्रस्तुत करता है। कार्यक्रम के अंत में लेखक विनोद कुमार दीक्षित ने उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों को पुस्तक की प्रतियां निःशुल्क भेंट कीं। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी विद्वानों, साहित्यकारों और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tags