BLS इंटर कॉलेज, ठाकुरगंज में एनुअल स्पोर्ट्स फेस्ट 2025 व गोल्डन जुबिली सेलिब्रेशन का भव्य शुभारंभ
लखनऊ। BLS इंटर कॉलेज, ठाकुरगंज द्वारा आयोजित एनुअल स्पोर्ट्स फेस्ट 2025 और गोल्डन जुबिली सेलिब्रेशन का भव्य उद्घाटन गुरुवार को चौक स्टेडियम में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि माननीय डॉ. दिनेश शर्मा (पूर्व उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश एवं राज्यसभा सांसद) ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
शानदार मार्च-पास्ट बना आकर्षण का केंद्र
उद्घाटन अवसर पर आयोजित परेड मार्च-पास्ट ने सभी का मन मोह लिया। कॉलेज के चारों हाउस— Hope Blasters, Unity Warriors, Peace Royals और Love Challengers—ने अनुशासन, तालमेल और ऊर्जा से भरी आकर्षक परेड प्रस्तुत की, जो समारोह का मुख्य आकर्षण रही।

संस्थापक को नमन – 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के संस्थापक स्वर्गीय गंगा प्रसाद साहू को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखकर हुई। 1975 में स्थापित BLS इंटर कॉलेज ने अपनी 50 वर्ष की उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक यात्रा पूरी कर ली है, और इसी गौरवपूर्ण उपलक्ष्य में विद्यालय Golden Jubilee Year मना रहा है।

मुख्य अतिथि का प्रेरक संबोधन
छात्रों और प्रशिक्षकों से संवाद के दौरान डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा— “मैदान में सीखे गए संस्कार जीवन के हर चुनौतीपूर्ण क्षण में साथ खड़े होते हैं। खेल मन, मस्तिष्क और आत्मविश्वास को मजबूत बनाते हैं।”
“उत्कृष्ट शिक्षा और खेल संस्कृति हमारा संकल्प” – विद्यालय प्रबंधन
विद्यालय के मैनेजर संदीप साहू ने कहा कि—“हम अपने संस्थापक ‘बड़े सर’ के सपनों को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक छात्र को उच्चस्तरीय शिक्षा, अनुशासन और खेल संस्कृति उपलब्ध कराने के लिए समर्पित हैं।”
रोमांच से भरपूर क्रिकेट मुकाबले
दिनभर के आयोजन में दो रोमांचक क्रिकेट मुकाबले हुए—
-
पहले मैच में Peace Royals और Love Challengers के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
-
दूसरे मुकाबले में Hope Blasters ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Unity Warriors को पराजित किया।
दोनों मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को Man of the Match से सम्मानित किया गया।

मान्य अतिथि एवं गणमान्यों की उपस्थिति
कार्यक्रम में निदेशक प्रदीप साहू, पार्षद अनुराग मिश्रा, पार्षद मनीष रस्तोगी, वरिष्ठ समाजसेवी शैलेश टंडन, शालू, संकेत मिश्रा, प्रधानाचार्य रवि किशोर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
