जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ, विभिन्न वर्गों के फाइनलिस्ट तय
लखनऊ, 7 अगस्त 2026। जिला विद्यालय निरीक्षक, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026-27 (अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग बालक एवं बालिका) का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मंडल डॉ. दिनेश कुमार रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में जनपद, मंडल और राज्य का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के आयोजन में मंडलीय क्रीड़ा सचिव श्री विश्वजीत पाण्डे, बालक वर्ग के संयोजक प्रधानाचार्य पुनीत रैडक्लिफ तथा बालिका वर्ग की संयोजक प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विभिन्न आयु वर्गों में टीमों की भागीदारी
- अंडर-14 बालक : 10 टीमें
- अंडर-17 बालक : 12 टीमें
- अंडर-19 बालक : 5 टीमें
- अंडर-14 बालिका : 4 टीमें
- अंडर-17 बालिका : 5 टीमें
- अंडर-19 बालिका : 2 टीमें
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम
अंडर-19 बालिका वर्ग में जनता गर्ल्स इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, बादशाह नगर उपविजेता रहा।
अंडर-17 बालिका वर्ग में माध्यमिक विद्यालय आर.ए. बाज़ार और जूनियर हाई स्कूल ने फाइनल में प्रवेश किया। दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला 8 अगस्त 2026 (शनिवार) को खेला जाएगा।
अंडर-14 बालक वर्ग में माध्यमिक विद्यालय आर.ए. बाज़ार तथा रेनबो मॉडल स्कूल ने फाइनल में जगह बनाई। इस वर्ग का फाइनल भी 8 अगस्त 2026 (शनिवार) को आयोजित होगा।
शिक्षकों एवं अधिकारियों की रही सक्रिय सहभागिता
प्रतियोगिता के सफल संचालन में शारीरिक शिक्षा शिक्षिकाओं श्रीमती सीमा, श्रीमती दुर्गेश गौड़, श्रीमती नूपुर दूबे, श्रीमती प्रमिला भारती एवं श्रीमती प्रीति कटियार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।इसके अलावा शारीरिक शिक्षा शिक्षक श्री अंकुर पाण्डेय, श्री लाइक खान, श्री सूरज त्रिपाठी, श्री विशाल साह, श्री संजीव यादव तथा श्री अनिल यादव सहित अन्य शिक्षकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
लखनऊ क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के शिक्षकों श्री विवेक जोएल जॉन, श्री प्रांजुल मिश्रा, डॉ. आइज़क विलियम सिंह, श्री आशीष पंत एवं श्री पंकज सिंह चंदेल सहित अन्य शिक्षकों की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक गरिमामय बनाया।प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। अब सभी की निगाहें शनिवार को होने वाले फाइनल मुकाबलों पर हैं, जिनमें विजेता टीमों का फैसला होगा।
