काशी में देव दीपावली की भव्य तैयारी: 20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव, 24 नवंबर को 11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएंगे घाट

Grand preparations for Dev Deepawali in Kashi: Ganga Mahotsav to be held from November 20 to 23; on November 24, the ghats will be illuminated with over 1.1 million (11 lakh) earthen lamps.
 
काशी में देव दीपावली की भव्य तैयारी: 20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव, 24 नवंबर को 11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएंगे घाट

Varanasi Dev Deepawali 2026: वाराणसी में देव दीपावली और गंगा महोत्सव को भव्य एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर आयोजित होगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली मनाई जाएगी। इस दौरान काशी के पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में व्यवस्था की गई है।

लखनऊ,  नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री ने पिछले वर्षों के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने को कहा।

नमो घाट पर चार दिन चलेगा गंगा महोत्सव

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इन आयोजनों में स्थानीय कलाकारों को विशेष प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

देव दीपावली पर काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने स्थित रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। इस आयोजन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दीपक भी शामिल होंगे। दीपदान की व्यवस्था सुचारु रखने के लिए घाटों और रेतीले क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।

घाटों से आगे पूरे शहर में दिखेगा दीपोत्सव का उल्लास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देव दीपावली का उत्सव केवल गंगा के घाटों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे काशी क्षेत्र में इसकी भव्यता दिखाई देनी चाहिए। ग्रामीण इलाकों के साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

24 नवंबर को गुरु नानक जयंती भी है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत से संबंधित व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने नाविकों के साथ संवाद और उन्हें सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया।

दशाश्वमेध पर महाआरती, चेत सिंह घाट पर लेजर शो

देव दीपावली के मुख्य आकर्षणों की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि 24 नवंबर की शाम सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती होगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया जाएगा।

इसके अलावा दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते समय आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए।

10 जोन और 21 सेक्टरों में होगी सुरक्षा व्यवस्था

देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा योजना बनाई गई है। पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

सुरक्षा निगरानी के लिए 27 वॉच टावर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), ड्रोन कैमरे और निजी गोताखोर तैनात रहेंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड की भी व्यवस्था होगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे। पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर के माध्यम से लगातार गश्त करेगी।

गंगा में पहली बार टू-वे लेन से चलेंगी नावें

नावों के संचालन और नदी में सुरक्षा के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। पिछले वर्ष की भीड़भाड़ को देखते हुए नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन सिस्टम तैयार किया गया है।

इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर निर्धारित मार्ग से जाएंगी, जबकि वापसी में नदी के दूसरी ओर रेतीले क्षेत्र की तरफ से नमो घाट की ओर आएंगी। अधिकारियों के अनुसार, इससे नावों की आवाजाही व्यवस्थित होगी और नदी में टकराव तथा अव्यवस्था की आशंका कम होगी।

नदी में डीजल से चलने वाली और दूसरे जिलों से आने वाली बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। बचाव एवं राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी सक्रिय रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम, मोबाइल शौचालय, पेयजल टैंकर और सफाईकर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।

जाम से बचाने के लिए 7 डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल

देव दीपावली के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। सीमावर्ती जिलों से आने वाले भारी वाहनों के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। शहर के भीतर 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी।

भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को घाटों तक पहुंचने में होने वाली परेशानी कम करना और शहर को जाम से बचाना है।

14 अस्पतालों को जोड़कर बनेगा ग्रीन कॉरिडोर

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल अस्पताल सहित प्रमुख सरकारी एवं निजी अस्पतालों को जोड़ते हुए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था में कुल 14 अस्पतालों को शामिल किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। देव दीपावली की रात दीपदान का कार्यक्रम समाप्त होते ही घाटों की सफाई शुरू करा दी जाए, जिससे अगले दिन सुबह कार्तिक पूर्णिमा का स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। उन्होंने टैक्सी, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से संवाद कर पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को उचित मूल्य पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

काशी की संस्कृति और आतिथ्य का संदेश बने देव दीपावली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देव दीपावली केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि काशी की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और अतिथि सत्कार का प्रतीक है। इस आयोजन में स्थानीय नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालु एवं पर्यटक काशी से सुखद और यादगार अनुभव लेकर लौटें, इसके लिए सभी विभागों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।

Tags