मालवीय नगर रामलीला में विश्वामित्र यज्ञ और जनकपुर निवास का भव्य मंचन
गोण्डा।
श्रीरामलीला समिति मालवीय नगर के तत्वावधान में आयोजित पौराणिक रामलीला के दूसरे दिन का मंचन भक्तों के लिए यादगार रहा। इस अवसर पर विश्वामित्र यज्ञ और जनकपुर निवास प्रसंग प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में श्री नटराज रामलीला मंडल, बस्ती के कलाकारों ने अपने जीवंत और प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

लीला की शुरुआत वन में विश्वामित्र ऋषि के यज्ञ से हुई। राक्षसों द्वारा बार-बार यज्ञ में विघ्न डाले जाने पर, मुनि विश्वामित्र ने राजा दशरथ से यज्ञ की रक्षा हेतु श्रीराम और लक्ष्मण को अपने साथ ले जाने का आग्रह किया। राजा की आज्ञा मिलने पर दोनों भाइयों ने राक्षसों का वध कर यज्ञ को निर्विघ्न सम्पन्न कराया।
इसके बाद मुनि विश्वामित्र राम-लक्ष्मण को लेकर जनकपुर पहुंचे, जहाँ राजा जनक ने मुनि का स्वागत कर उनके निवास और सत्कार की व्यवस्था की। इस पूरे प्रसंग को मंच पर बड़े ही सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। कार्यक्रम के दौरान रामलीला समिति के आयोजक और प्रबंधक—अनिल सिंह, धीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय, अलंकार सिंह, रजत सोनी, गोपेश श्रीवास्तव, संजय तिवारी, संजय सिंह और पंकज मिश्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
