दादा भी, सुपरहीरो भी… बच्चों की कल्पनाओं को नई उड़ान देगी फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो

फिल्म के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुँचे जैकी श्रॉफ और निर्देशक मनीष सैनी

 
uiopi

लखनऊ। आज के दौर में बच्चों की दुनिया केवल किताबों और कार्टून तक सीमित नहीं रह गई है। वे अपने आसपास के लोगों में भी सुपरहीरो तलाश लेते हैं—कभी अपने पिता में तो कभी अपने दादा में। इसी भावनात्मक सोच, पारिवारिक रिश्तों और बच्चों की कल्पनाओं को बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है फिल्म The Great Grand Superhero।

फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ और तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मनीष सैनी सोमवार को लखनऊ पहुँचे। इस दौरान दोनों ने मीडिया से बातचीत में फिल्म और पारिवारिक मूल्यों से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए।

बच्चों के साथ अपने जुड़ाव को लेकर जैकी श्रॉफ ने कहा कि वह बच्चों के बीच खुद भी बच्चा बन जाते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे सारे बच्चे मेरे बेटे टाइगर श्रॉफ जैसे लगते हैं। इसलिए उनका प्यार मेरे लिए बेहद खास होता है।”उन्होंने परिवारों को बच्चों के पालन-पोषण में संतुलन बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों को खेल-कूद और आधुनिक जीवनशैली के साथ अनुशासन की भी सीख देना जरूरी है। “हर चीज की एक लक्ष्मण रेखा होती है, उसी में रहकर आगे बढ़ना चाहिए,” उन्होंने कहा।

एकल परिवारों के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए जैकी श्रॉफ ने कहा कि परिवारों को अपने माता-पिता को साथ लेकर चलना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर काम की वजह से कहीं दूर रहना पड़े तो भी माता-पिता को अपने शरीर की तरह साथ रखें।”

uiou

वहीं निर्देशक मनीष सैनी ने फिल्म की कहानी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह एक ऐसे किरदार की कहानी है जो अपनी कल्पनाओं और कहानियों की दुनिया में जीता है। उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार जैकी श्रॉफ को फिल्म की कहानी सुना रहे थे, तब उन्हें एहसास हुआ कि इस किरदार के लिए जैकी श्रॉफ से बेहतर कोई और नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा, “जैकी दादा के अंदर एक बच्चा है। यही वजह है कि वह इस किरदार में पूरी तरह फिट बैठते हैं। हर बच्चा अपने दादा या पिता को सुपरहीरो की तरह देखता है और फिल्म उसी भावना को खूबसूरती से प्रस्तुत करती है।”मनीष सैनी ने आगे कहा कि जैकी श्रॉफ खुद को ‘नॉन-एक्टर’ कहते हैं, लेकिन उन्होंने अपने अभिनय से किरदार में ऐसी कई बारीकियां जोड़ दीं, जिनकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी।

हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों और खासतौर पर बच्चों का भरपूर प्यार मिल रहा है। Zee Studios और आमदावाद फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन और लेखन मनीष सैनी ने किया है। फिल्म को उमेश कुमार बंसल और मनीष सैनी ने प्रोड्यूस किया है, जबकि आकाश जेएच शाह, रेडिता टंडन और अमृता परांडे इसके को-प्रोड्यूसर हैं।फिल्म The Great Grand Superhero 29 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Tags