राज कुमार इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाया गया ग्रैंडपेरेंट्स डे, नन्हे-मुन्नों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

 
HVJ

ब्यूरो चीफ आर.एल. पाण्डेय

लखनऊ। आलमनगर स्थित राज कुमार इंटर कॉलेज के प्रांगण में ग्रैंडपेरेंट्स डे हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में दादा-दादी और नाना-नानी के प्रति प्रेम, आदर और कृतज्ञता व्यक्त की गई। बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक राजा पंडित राज कुमार बक्शी एवं माताजी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यालय की परंपराओं, संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।

बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने जीता दिल

कार्यक्रम में नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्ण नृत्य प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों ने नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षाप्रद नाटक प्रस्तुत किया। वहीं, कक्षा चार और पांच के बच्चों ने भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों पर आधारित नाट्य प्रस्तुति से सभी को भावविभोर कर दिया।

नन्हे विद्यार्थियों ने विचारपूर्ण और प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से अपने दादा-दादी और नाना-नानी के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना व्यक्त की। बच्चों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

मनोरंजक खेलों में ग्रैंडपेरेंट्स ने लिया हिस्सा

आयोजन के दौरान दादा-दादी और नाना-नानी के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया। नर्सरी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के ग्रैंडपेरेंट्स ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों का आनंद लेने के साथ अपने अनुभव और विचार भी साझा किए तथा बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद दिया।

विद्यालय के उपाध्यक्ष राघव रतन बक्शी ने अतिथियों का सम्मान किया और प्रतियोगिताओं में विजयी रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।

अभिभावकों और विद्यालय के बीच मजबूत संबंध का संदेश

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज कुमार इंटर कॉलेज ऐसे आयोजनों को विशेष महत्व देता है, जिनमें माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाता है। इससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत एवं सार्थक संबंध स्थापित होते हैं और बच्चों में पारिवारिक संस्कारों का विकास होता है।

ग्रैंडपेरेंट्स डे का समापन प्रेम, सम्मान, संस्कार और पारिवारिक एकता के संदेश के साथ हुआ। यह आयोजन बच्चों और उनके ग्रैंडपेरेंट्स के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने का एक सुंदर अवसर बना।

Tags