शिवाजी मार्ग व्यापार मंडल में जीएसटी व्यापारी संवाद बैठक आयोजित, व्यापारियों की समस्याओं का हुआ समाधान
लखनऊ, 7 अगस्त 2026। राज्य कर विभाग, खंड-08, लखनऊ की ओर से शिवाजी मार्ग स्थित शिवाजी मार्ग लखनऊ व्यापार मंडल के परिसर में जीएसटी व्यापारी संवाद बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की जीएसटी संबंधी समस्याओं का समाधान करना, नवीन कर प्रावधानों की जानकारी देना तथा विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपाल दीक्षित, महामंत्री अंकित शर्मा, कोषाध्यक्ष अभिनव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारियों ने भाग लिया। इस दौरान व्यापारियों ने ई-वे बिल, जीएसटी रिटर्न, पंजीकरण, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी), बिलिंग प्रक्रिया और अन्य कर संबंधी व्यावहारिक मुद्दों को राज्य कर विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा।
राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जीएसटी के नवीनतम प्रावधानों, कर अनुपालन से जुड़े नियमों और व्यापारी हित में संचालित विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने व्यापारियों से समयबद्ध रिटर्न दाखिल करने और निर्धारित नियमों का पालन करने की भी अपील की।
व्यापारियों ने संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की बैठकों से विभाग और व्यापारिक समुदाय के बीच पारदर्शिता, विश्वास और बेहतर संवाद को बढ़ावा मिलता है। साथ ही, कर संबंधी व्यावहारिक समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव हो पाता है। बैठक के समापन पर व्यापारियों ने भविष्य में भी नियमित अंतराल पर ऐसे जीएसटी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई तथा सफल आयोजन के लिए राज्य कर विभाग का आभार व्यक्त किया।
