श्री हनुमान गढ़ी मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई हनुमान जयंती, सुंदरकांड पाठ से गूंजा परिसर
बलरामपुर। वीर विनय चौराहे पर स्थित श्री हनुमान गढ़ी मंदिर में श्री हनुमान जयंती का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में संगीतमयी सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर भगवान हनुमान की महिमा का गुणगान किया। भजनों और चौपाइयों की मधुर प्रस्तुति के बीच पूरा मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा।
![]-=0-](https://aapkikhabar.com/static/c1e/client/86288/uploaded/2d16f87ceb4c01cd62b282d5f8d0a5b4.jpg)
धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के उत्तराधिकारी स्वामी महेंद्र दास जी महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के पश्चात भगवान श्री हनुमान जी की भव्य आरती उतारी गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, समाज में शांति और जनकल्याण की कामना की।

हनुमान जयंती के इस विशेष आयोजन में डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, डी.पी. सिंह बैस, डॉ. देवेश चंद्र श्रीवास्तव, संजय शर्मा, अविनाश मिश्र, अशोक पांडेय, पवन शुक्ल, हेमंत तिवारी, अनूप कुमार मिश्र और डब्बू सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने धार्मिक अनुष्ठानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

आयोजन के माध्यम से श्रद्धा और भक्ति के साथ सामाजिक एकता एवं सद्भाव का संदेश भी दिया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के त्याग, सेवा, समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा जैसे आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।
