हरदोई : शिव सत्संग मण्डल के शिवोत्सव में आध्यात्मिक चिंतन — “समाज कल्याण के लिए संतों का ज्ञान सदैव मार्गदर्शक
Hardoi: Spiritual contemplation at the Shiv Utsav organized by Shiv Satsang Mandal – “The wisdom of saints is always a guide for the welfare of society.”
Sat, 8 Nov 2025
हरदोई। अहमद नगर गांव में आयोजित शिव सत्संग मण्डल के आंचलिक शिवोत्सव में आध्यात्मिक प्रवचनों व भजन-कीर्तन के माध्यम से समाज में चेतना, समरसता और भक्ति मार्ग की महत्ता को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य संबोधन मण्डलाध्यक्ष आचार्य अशोक ने दिया। उन्होंने कहा कि परमात्मा के स्मरण, ध्यान और भजन से ही जीवन में वास्तविक कल्याण प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संतों और महापुरुषों ने सदैव सम्पूर्ण समाज के कल्याण हेतु ज्ञान एवं मार्गदर्शन दिया है। जातीय विभाजन समाज को कमजोर करता है, इसलिए भक्ति, करुणा और सद्भाव ही भारतीय संस्कृति की मूल आत्मा है।
शाहजहांपुर जिला अध्यक्ष डॉ. कालिका प्रसाद ने शिव महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान शिव संहारक के साथ-साथ कल्याणकारी और न्यायप्रिय भी हैं। शिव भक्ति मनुष्य को भय, पाप और दुःखों से मुक्त कर त्याग, संयम और करुणा का संदेश देती है।
शाहजहांपुर की धर्मप्रचारिका सुदामा देवी ने कहा कि शिव सत्संग मण्डल समाज में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार कर रहा है। ध्यान और भजन आन्तरिक शांति के स्रोत हैं, जो जीवन को संतुलित व सफल बनाते हैं। उन्होंने मण्डल द्वारा चलायी जा रही सामाजिक व आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी भी दी।
हरदोई जिला अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि शिव चेतना की उस अवस्था का प्रतीक हैं, जो जाग्रत, स्वप्न और निद्रा के परे स्थित है। समाधि ही पूर्ण शांत और पूर्ण जागरूक स्थिति है, जिसे ध्यान द्वारा अनुभव किया जा सकता है।
व्यवस्था प्रमुख यमुना प्रसाद ने शिव तत्व को सम्पूर्ण सृष्टि का आधार बताते हुए कहा कि मन, शरीर तथा ब्रह्माण्ड—सब शिव तत्व से उत्पन्न और संचालित हैं, इसलिए उन्हें विश्वरूप कहा जाता है।
सत्संगी नन्हें लाल ने ध्यान-भजन को सफल जीवन की आधारशिला बताया। वरिष्ठ सत्संगी डॉ. रामौतार ने दान और सत्संग की महिमा बताई। अधिवक्ता रामौतार ने शाकाहार एवं ध्यान को जीवन की श्रेष्ठ साधना बताते हुए सदाचरण अपनाने का संदेश दिया।
भजनोपदेशक श्री कृष्ण, रोहित वर्मा, धनीराम, रामचंद्र, भैयालाल, आशाराम एवं योग प्रशिक्षक सत्यम सक्सेना ने प्रेरणादायी भजनों की प्रस्तुति दी।
मण्डल के केन्द्रीय संयोजक रवि वर्मा एवं डॉ. अजय पाल सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया। शिवोत्सव का शुभारंभ शिक्षक/प्रचारक प्रेम भाई एवं राजकुमार सत्संगी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं बहन बेबी की सामूहिक ईश प्रार्थना से किया गया। सत्संगी राम निवास, रामकुमार, देव सिंह, प्रदीप, राज कुमार सहित अनेक श्रद्धालुओं ने शिवोत्सव को भव्य सफलता दिलाने में योगदान दिया।
समापन क्षणों में सभी श्रद्धालुओं ने प्रतिदिन ब्रह्ममुहूर्त में उठकर सुमिरन एवं साधना करने का संकल्प लिया।
