हरिद्वार का गुरु रविदास मंदिर दे रहा मानवता, समानता और सद्भाव का संदेश

निर्मला छावनी स्थित मंदिर में भजन-कीर्तन, सत्संग और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से गुरु रविदास जी की वाणी का प्रचार-प्रसार

 
dfgd

हरदोई। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, करुणा, सद्भाव और मानवता का मार्ग दिखा रही हैं। हरिद्वार की निर्मला छावनी स्थित गुरु रविदास जी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आयोजित होने वाले भजन-कीर्तन, सत्संग और धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास जी के विचारों और उनकी वाणी का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

मंदिर के प्रबंधक राजकुमार डोगरा ने बताया कि यह मंदिर गुरु रविदास जी के अनुयायियों की आस्था का प्रतीक है। मंदिर का संचालन संत बाबा निर्मल दास जी के मार्गदर्शन में होता है, जो पंजाब के जालंधर स्थित डेरा संत बाबा प्रीतम दास जी (बाबे जोड़े), गांव रायपुर रसूलपुर के गद्दीनशीन संत हैं। वे गुरु रविदास महाराज की वाणी के प्रचार-प्रसार और समाजसेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं।

राजकुमार डोगरा के अनुसार, संत बाबा निर्मल दास जी मंदिर की व्यवस्थाओं और धार्मिक गतिविधियों की देखरेख करते हैं। उनके मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं को भजन-कीर्तन, दीवान और सत्संग के माध्यम से आध्यात्मिक विचारों से जोड़ा जाता है। वे गुरु रविदास साधु संप्रदाय सोसायटी, पंजाब से भी जुड़े रहे हैं।

देश-विदेश से पहुंचती है संगत

मंदिर में नियमित रूप से भजन-कीर्तन, दीवान और बरसी समागम जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों में पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु और संगत शामिल होती है। इसके अलावा यूके, कनाडा, इटली और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से भी श्रद्धालु सत्संग एवं धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने पहुंचते रहे हैं।

हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं के प्रचार तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों में भी इस मंदिर की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ यह स्थल श्रद्धालुओं को सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता की प्रेरणा देता है।

गुरु रविदास जी की वाणी में समानता और मानवता का संदेश

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का दर्शन मानवता, समानता, करुणा और आत्मिक पवित्रता पर आधारित है। उन्होंने जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक मनुष्य को समान सम्मान देने की शिक्षा दी। उन्होंने जन्म और जाति के आधार पर होने वाले भेदभाव का विरोध करते हुए मानव मात्र की समानता और गरिमा पर बल दिया।

उनका प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” यह बताता है कि वास्तविक पवित्रता बाहरी आडंबरों और कर्मकांडों में नहीं, बल्कि मन की निर्मलता और नेक नीयत में होती है। गुरु रविदास जी ने अपने पारंपरिक श्रम को पूरी निष्ठा से करते हुए यह भी संदेश दिया कि कोई भी ईमानदार काम छोटा नहीं होता। श्रम की गरिमा और आत्मसम्मान उनके विचारों के महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने ऐसे आदर्श समाज की कल्पना की थी, जहां किसी को भय, दुख, शोषण या भेदभाव का सामना न करना पड़े। उनका संदेश आज भी सामाजिक समरसता, भाईचारे और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रासंगिक है। हरिद्वार स्थित गुरु रविदास जी मंदिर इसी मानवीय दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। यहां की धार्मिक गतिविधियां श्रद्धालुओं को केवल आध्यात्मिक शांति ही नहीं, बल्कि अपने जीवन और व्यवहार में समानता, सेवा, प्रेम तथा सद्भाव अपनाने की प्रेरणा भी देती हैं।

Tags