अमिताभ बच्चन के पैतृक गांव बाबूपट्टी पहुंचे डीएम, हरिवंश राय बच्चन पुस्तकालय का किया निरीक्षण
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय बुधवार शाम अमिताभ बच्चन के पैतृक गांव बाबूपट्टी पहुंचे। उन्होंने गांव में साहित्यकार एवं कवि डॉ. हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में स्थापित पुस्तकालय का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय की मौजूदा स्थिति, संचालन और आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने गांव के विकास को लेकर ग्राम प्रधान विकास यादव से भी बातचीत की। डीएम ने कहा कि गांव में आवश्यक विकास कार्यों को चिह्नित कर उनका खाका तैयार किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम अनुराग सिंह भी मौजूद रहे।
जया बच्चन ने 2006 में किया था पुस्तकालय का लोकार्पण
अमिताभ बच्चन के पैतृक गांव के रूप में बाबूपट्टी की देशभर में अलग पहचान है। डॉ. हरिवंश राय बच्चन की स्मृतियों को संजोने के उद्देश्य से गांव में पुस्तकालय का निर्माण कराया गया था, जिसका वर्ष 2006 में जया बच्चन ने लोकार्पण किया था।हालांकि, लंबे समय से पुस्तकालय की व्यवस्थाओं और नियमित संचालन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ग्रामीणों की ओर से पुस्तकालय को व्यवस्थित कर नियमित रूप से संचालित कराने की मांग भी समय-समय पर उठती रही है।
केबीसी में अमिताभ ने किया था लाइब्रेरी का जिक्र
हाल ही में लोकप्रिय टीवी कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में बाबूपट्टी का जिक्र होने के बाद गांव एक बार फिर चर्चा में आया। कार्यक्रम के दौरान अमिताभ बच्चन ने गांव में पुस्तकालय शुरू नहीं हो पाने पर लोगों से माफी मांगी थी और इसे जल्द शुरू कराने का भरोसा जताया था।अमिताभ बच्चन के इस बयान के बाद बाबूपट्टी में पुस्तकालय को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। अब जिलाधिकारी के गांव पहुंचकर पुस्तकालय का निरीक्षण करने से ग्रामीणों को इसके व्यवस्थित संचालन की उम्मीद बढ़ी है।
विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों में उम्मीद
डीएम के दौरे के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि बाबूपट्टी में सड़क, पुस्तकालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर प्रशासन प्राथमिकता से ध्यान देगा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुस्तकालय नियमित रूप से संचालित होता है तो यह गांव के बच्चों और युवाओं के लिए अध्ययन एवं साहित्यिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।



