हरियाली तीज का उल्लास: फन ग्रुप की महिलाओं ने मनाया पारंपरिक उत्सव
लखनऊ डेस्क (आर.एल. पांडेय)। मानस एनक्लेव की फन ग्रुप की महिलाओं ने हरियाली तीज का पारंपरिक उत्सव गीत-संगीत, नृत्य और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया। वातावरण में सावन की हरियाली और महिलाओं की रंग-बिरंगी परिधानों की चमक ने उत्सव को और भी मनोहारी बना दिया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने बताया कि हरियाली तीज का यह आयोजन वे पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से करती आ रही हैं। यह पर्व आस्था, उमंग, सौंदर्य और आपसी प्रेम का प्रतीक है, जो सामाजिक जीवन में उत्साह और जीवंतता भर देता है।
कार्यक्रम में गायन, नृत्य, काव्य पाठ और मॉडलिंग जैसी विविध प्रतियोगिताओं ने प्रतिभागियों और दर्शकों का मन मोह लिया। हर प्रस्तुति में लोक संस्कृति की छाप और उत्सव का उत्साह झलकता रहा।
इस भव्य आयोजन की संयोजक रहीं – अर्चना, अमृता, विभा, गीतिका, खुशबू और अनुपमा। कार्यक्रम के अंत में “तीज क्वीन” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कविता शर्मा ने विजयी ताज अपने नाम किया।
हरियाली तीज के इस उत्सव ने न केवल परंपरा को जीवित रखा, बल्कि महिलाओं को एक साथ जुड़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का भी अवसर प्रदान किया।
