HCL आईटी सिटी के 10 साल पूरे, लखनऊ में 500 करोड़ रुपये के विस्तार की घोषणा
HCL Group ने लखनऊ स्थित HCL आईटी सिटी के विस्तार के लिए 500 करोड़ रुपये के निवेश की योजना की घोषणा की है। प्रस्तावित विस्तार के तहत करीब 9.5 लाख वर्ग फुट नई क्षमता विकसित की जाएगी, जिसमें लगभग 4,500 टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल्स के लिए काम करने की जगह उपलब्ध होगी। इस विस्तार से लखनऊ के ग्लोबल टेक्नोलॉजी और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर हब के रूप में विकास को और गति मिलने की उम्मीद है।

1,000 छात्रों को AI की ट्रेनिंग
भविष्य के लिए तैयार प्रतिभा विकसित करने की दिशा में HCLTech ने वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान अपने लिटमस प्रोग्राम के तहत उत्तर प्रदेश के 1,000 छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इससे जुड़ी तकनीकों का प्रशिक्षण देने की घोषणा की है।
कंपनी के अनुसार, उसका टेकबी प्रोग्राम पहले ही उत्तर प्रदेश के 2,200 से अधिक उम्मीदवारों को प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध करा चुका है।
इसके अलावा HCL Group ने HCL आईटी सिटी में HCL-GUVI इमर्जिंग टेक्नोलॉजी सेंटर की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के छात्रों और प्रोफेशनल्स को AI, डेटा एनालिटिक्स और अन्य उभरती तकनीकों में आवश्यक कौशल प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया लखनऊ की AI सिटी को महत्वपूर्ण केंद्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें विभिन्न क्षेत्रों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लखनऊ की AI सिटी इस लक्ष्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है और पिछले एक दशक में HCL आईटी सिटी ने प्रदेश के टेक्नोलॉजी तथा टैलेंट इकोसिस्टम को मजबूत करने में योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने HCLTech की ओर से कारोबारी निवेश के साथ-साथ सामुदायिक विकास और समावेशी विकास से जुड़ी पहलों की भी सराहना की।
‘उत्तर प्रदेश हमारी जन्मभूमि और कर्मभूमि’
HCLTech की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश HCL के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि यहीं से करीब 50 वर्ष पहले HCL Group की यात्रा शुरू हुई थी और इसी राज्य ने भारत के टेक्नोलॉजी उद्योग की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि HCL Group की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर लखनऊ कैंपस का विस्तार उत्तर प्रदेश की प्रतिभा, आकांक्षाओं और संभावनाओं में कंपनी के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने राज्य की टेक्नोलॉजी आधारित विकास यात्रा में योगदान जारी रखने की प्रतिबद्धता भी जताई।
12,500 से अधिक कर्मचारी, 150 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों को सेवाएं
वर्ष 2016 में संचालन शुरू करने के बाद से HCL आईटी सिटी HCLTech के प्रमुख ग्लोबल डिलीवरी सेंटर्स में शामिल हो गई है। कंपनी के अनुसार, लखनऊ कैंपस में वर्तमान में 12,500 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं और यहां से 150 से अधिक वैश्विक कंपनियों को सेवाएं दी जा रही हैं।
कंपनी ने स्थानीय प्रतिभाओं को विकसित करने पर भी जोर दिया है। HCLTech की क्षेत्र के 40 से अधिक इंजीनियरिंग कॉलेजों के साथ साझेदारी है, जिसका उद्देश्य उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग को मजबूत करना तथा छात्रों के लिए रोजगार और करियर के अवसर तैयार करना है।
HCLFoundation के जरिए सामुदायिक विकास पर जोर
HCLTech के कारोबारी विस्तार के साथ HCLFoundation के माध्यम से उत्तर प्रदेश में सामुदायिक विकास के कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने HCLFoundation की विभिन्न पहलों से लाभान्वित लोगों को सम्मानित किया। इनमें महिला उद्यमी तथा आजीविका और कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़े लाभार्थी शामिल थे।
कंपनी के मुताबिक, HCLFoundation की पहल उत्तर प्रदेश के 20 जिलों और 3,000 से अधिक गांवों तक पहुंची हैं और इनसे 49 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिला है। इनमें 53 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में HCL का बड़ा निवेश और रोजगार आधार
HCL Group उत्तर प्रदेश में अपने नोएडा और लखनऊ परिसरों के माध्यम से बड़े निवेशकों में शामिल है। नोएडा में HCLTech का ग्लोबल मुख्यालय है, जबकि लखनऊ में उसका प्रमुख टेक्नोलॉजी कैंपस संचालित हो रहा है।
कंपनी के अनुसार, नोएडा और लखनऊ में HCL के 50,000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। HCLTech के वैश्विक कर्मचारियों में करीब 23 प्रतिशत उत्तर प्रदेश से काम करते हैं और लगभग 75 प्रतिशत कर्मचारी स्थानीय स्तर पर नियुक्त किए गए हैं।
इसके अलावा, HCL Group और Foxconn का संयुक्त उद्यम ग्रेटर नोएडा के जेवर में सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए एक उन्नत OSAT यूनिट स्थापित कर रहा है।
