हेल्थ इज़ वेल्थ होलिस्टिक सेंटर द्वारा भव्य एक्वा योगा एवं हाइड्रोथेरेपी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम का संचालन हेल्थ इज़ वेल्थ होलिस्टिक सेंटर की संचालिका एवं प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. शिखा गुप्ता ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को हाइड्रोथेरेपी तथा अंडरवॉटर एक्सरसाइज के स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जल में किए जाने वाले योगाभ्यास एवं व्यायाम मांसपेशियों को गहन विश्राम प्रदान करते हैं, शरीर की शक्ति एवं लचीलापन बढ़ाते हैं तथा जोड़ों पर अतिरिक्त दबाव डाले बिना संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम में प्रयाग आरोग्य केंद्र से पधारीं सुश्री ललिता अधिकारी ने ऊर्जावान एवं आकर्षक जुम्बा सत्र का संचालन किया, जिसका सभी प्रतिभागियों ने भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुश्री रोमा हेमवानी रहीं। उन्होंने जल के भीतर प्लावनी सहित विभिन्न योगाभ्यासों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को आश्चर्यचकित किया तथा उन्हें अनेक महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण भी प्रदान किया।
प्रयाग आरोग्य केंद्र के संस्थान संचालक श्री प्रशांत शुक्ला ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न योगिक अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया। वहीं सुश्री दीपा श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर प्रख्यात योगगुरु श्री के.डी. मिश्रा की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने जल में शीर्षासन का अद्भुत प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक डॉ. जागृति गुप्ता एवं सुश्री मनीषा चंदा ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। उनके साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी उपस्थित रहे, जो लंबे समय से हेल्थ इज़ वेल्थ के प्रांगण में नियमित योगाभ्यास कर रहे हैं।
हेल्थ इज़ वेल्थ प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र एक आधुनिक एवं पूर्णतः सुसज्जित ड्रगलेस उपचार केंद्र है, जहाँ पंचकर्म, फिजियोथेरेपी, प्राणिक हीलिंग, रेकी, कोलोन हाइड्रोथेरेपी, हिप बाथ, जैकूज़ी, स्टीम बाथ, मड थेरेपी, जानु बस्ती एवं कटि बस्ती जैसी विभिन्न प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराया जाता है। बड़ी संख्या में लोग यहाँ प्राकृतिक उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने हेतु आते हैं।

कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। समापन अवसर पर डॉ. शिखा गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से एवेंजर्स थीम पार्क, अशियाना सेक्टर-एच के प्रबंधन को धन्यवाद दिया, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने एक्वा योगा के इस अभिनव एवं स्वास्थ्यवर्धक अनुभव की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सहभागी बनने की इच्छा व्यक्त की।
