दिल हमारे जीवन का अहम हिस्सा, इसकी देखभाल बेहद जरूरी: डॉ. पंकज श्रीवास्तव
लायंस क्लब गोण्डा सेवा और हिन्द हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, करीब 125 मरीजों की हुई जांच
गोण्डा। हृदय रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट, हिन्द हॉस्पिटल बाराबंकी एवं लायंस क्लब गोण्डा सेवा के संयुक्त तत्वावधान में हरि नारायण सावित्री देवी मिनी चैरिटेबल क्लिनिक में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 125 मरीजों की निःशुल्क ईसीजी और ब्लड शुगर जांच की गई। साथ ही मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देकर हृदय रोगों से बचाव के उपाय बताए गए।
नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली से कम हो सकता है हृदय रोगों का खतरा
शिविर में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हृदय हमारे जीवन का अहम हिस्सा है, इसलिए इसकी देखभाल बेहद जरूरी है। अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खानपान और तनाव हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारक हैं। उन्होंने कहा कि देश में मधुमेह और हृदय रोग के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। चिंताजनक बात यह है कि युवा वर्ग भी इन बीमारियों की चपेट में आ रहा है।
उन्होंने कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए उपचार के साथ-साथ जागरूकता भी आवश्यक है। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर हृदय रोगों के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
समय पर पहचान से गंभीर जटिलताओं से बचाव संभव
लायंस क्लब गोण्डा सेवा के अध्यक्ष अमित पांडेय ने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान और उचित उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। क्लब के संरक्षक राजकुमार जायसवाल ने हृदय रोगों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए जनजागरूकता को जरूरी बताया।
लायन अजय मित्तल ने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निःशुल्क शिविरों का आयोजन महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर लायंस क्लब गोण्डा सेवा के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
शिविर के आयोजन में इनका रहा योगदान
शिविर को सफल बनाने में लायंस क्लब गोण्डा सेवा के सचिव लायन राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लायन मयंक टंडन, लायन चंद्रकेश मिश्रा, लायन पवन जायसवाल, लायन राजेश कुमार जायसवाल, लायन अर्जुन सोनी, लायन आनंद नेवटिया, प्रो. डॉ. शेर बहादुर सिंह, के.बी. सिंह, कसीम सिद्दीकी, टेक्नीशियन राघवेंद्र द्विवेदी, मोहम्मद अली, मुदित तथा हिन्द हॉस्पिटल के जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिन्हा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शिविर के माध्यम से लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
