हेलो इंस्पायर हेल्पलाइन की बढ़ी तिथि, अब 15 सितंबर तक मिलेगा समस्या समाधान
लखनऊ। इंस्पायर मानक योजना 2026 के तहत उत्कृष्ट एवं नवाचारी विचारों के नामांकन में आने वाली तकनीकी और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए शुरू की गई ‘हेलो इंस्पायर हेल्पलाइन’ की अवधि बढ़ा दी गई है। अब यह हेल्पलाइन 15 सितंबर 2026 तक संचालित होगी। पहले इसे 8 सितंबर तक खोला गया था।
संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल कार्यालय में संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में तथा मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार के निर्देशन में यह हेल्पलाइन 4 सितंबर से संचालित की जा रही है।
प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी हेल्पलाइन
लखनऊ मंडल के सभी छह जिलों के विभिन्न बोर्डों से संबद्ध माध्यमिक विद्यालय इंस्पायर मानक योजना 2026 के अंतर्गत उत्कृष्ट नवाचारी विचारों के नामांकन से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं।हेल्पलाइन का नंबर 9415664679 है। यह सेवा अब 15 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
चार दिनों में 175 से अधिक कॉल
हेल्पलाइन पर शंका समाधान कर रहे मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि पिछले चार दिनों में लखनऊ मंडल के छह जिलों के अलावा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 175 से अधिक फोन कॉल प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त समस्याओं का समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकांश कॉल इंस्पायर पोर्टल पर विद्यालयों के लिए बनी स्कूल आईडी की यूजर आईडी और पासवर्ड से संबंधित समस्याओं को लेकर आए हैं।
छह जिलों से 15,174 नामांकन राज्य स्तर पर अग्रसारित
इंस्पायर मानक स्टेट नोडल कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ मंडल के छह जिलों से अब तक कुल 15,174 नामांकन राज्य नोडल कार्यालय को अग्रसारित किए जा चुके हैं।
जिलेवार नामांकन की स्थिति इस प्रकार है—
- लखनऊ: 4,100
- हरदोई: 3,964
- उन्नाव: 2,446
- लखीमपुर खीरी: 2,310
- सीतापुर: 1,820
- रायबरेली: 534
इस प्रकार लखनऊ मंडल से कुल 15,174 नवाचारी विचारों के नामांकन राज्य स्तर पर अग्रसारित किए जा चुके हैं।
उत्कृष्ट नवाचारी विचारों को प्रोत्साहन देना उद्देश्य
डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि ‘हेलो इंस्पायर हेल्पलाइन’ का उद्देश्य विद्यालयों और विद्यार्थियों को नामांकन प्रक्रिया में आने वाली तकनीकी एवं अन्य समस्याओं का समय पर समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि लखनऊ मंडल से अधिक से अधिक उत्कृष्ट एवं नवाचारी विचारों का नामांकन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विद्यालयों से अपील की कि नामांकन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी समस्या के लिए निर्धारित समय में हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर समाधान प्राप्त करें

