योगी सरकार के कार्यकाल में उच्च शिक्षा ने बनाया नया कीर्तिमान

सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी को आशय पत्र, मेट्रो विश्वविद्यालय के लिए नया अध्यादेश
 
सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी को आशय पत्र, मेट्रो विश्वविद्यालय के लिए नया अध्यादेश
लखनऊ, 18 मई 2026।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोक भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं गुणवत्तापरक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में जहां केवल 16 राजकीय विश्वविद्यालय थे, वहीं अब उनकी संख्या बढ़कर 24 हो गई है। इसी प्रकार निजी विश्वविद्यालयों की संख्या 29 से बढ़कर 53 तक पहुंच चुकी है, जबकि 8 अन्य निजी विश्वविद्यालयों को आशय पत्र जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि एपेक्स वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा जनपद मीरजापुर के ग्राम समसपुर, तहसील चुनार में लगभग 50.45 एकड़ भूमि पर सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी की स्थापना का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद कैबिनेट ने विश्वविद्यालय को आशय पत्र जारी करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

उन्होंने बताया कि यह प्रस्ताव उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम 2019 एवं उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (स्थापना) नियमावली, 2021 के प्रावधानों के अनुरूप विस्तृत परीक्षण और मूल्यांकन के बाद अनुमोदित किया गया है।

इसके अतिरिक्त मंत्रिपरिषद ने निजी विश्वविद्यालयों से जुड़े विधिक ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (द्वितीय संशोधन) अध्यादेश 2026 के प्रख्यापन को भी मंजूरी दी है।

मंत्री ने बताया कि पूर्व में मेट्रो विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए संशोधन अध्यादेश लागू किया गया था, लेकिन संबंधित विधेयक विधानमंडल के द्वितीय सत्र में पारित नहीं हो सका। ऐसे में विश्वविद्यालय की स्थापना प्रक्रिया को निर्बाध रूप से आगे बढ़ाने के लिए नया अध्यादेश लाया जा रहा है।

योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को आधुनिक, तकनीकी एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराना है। उच्च शिक्षा में निवेश, नवाचार, शोध और संस्थागत विकास को बढ़ावा देकर उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय शिक्षा हब बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

Tags