दिल्ली थल सेना कैंप में 12 दिन का कठोर प्रशिक्षण लेकर लौटीं आर्य कन्या पाठशाला की कैडेट हिमानी
लखनऊ, 15 सितंबर 2026। आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, लखनऊ की 20 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी की जूनियर विंग कैडेट हिमानी ने दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित थल सैनिक कैंप-2026 नेशनल कैंप में 12 दिवसीय कठोर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कैंप के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में हिमानी ने स्नैप शूटिंग (जूनियर विंग) में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कैंप में कैडेट्स को भारतीय सेना के प्रशिक्षित जवानों एवं विशेषज्ञों द्वारा सैन्य प्रशिक्षण की विभिन्न विधाओं से परिचित कराया गया। इस दौरान फायरिंग, .22 राइफल से हथियार प्रशिक्षण, ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, हेल्थ एंड हाइजीन, ड्रिल तथा फायरिंग पोजीशन सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य गतिविधियों का गहन प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के साथ-साथ आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। हिमानी ने स्नैप शूटिंग प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जूनियर विंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक हासिल किया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. ममता किरण राव ने कैडेट हिमानी को बधाई देते हुए कहा कि थल सेना कैंप का प्रशिक्षण कैडेट्स को सैन्य जीवन की कठिनाइयों, अनुशासन और जिम्मेदारियों का प्रत्यक्ष अनुभव कराता है। हिमानी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह साबित किया है कि बेटियां किसी भी चुनौती का मजबूती से सामना कर सकती हैं।

विद्यालय की केयर टेकर ऑफिसर शिवानी पाण्डेय ने बताया कि थल सेना कैंप एनसीसी के सबसे चुनौतीपूर्ण एवं प्रतिष्ठित कैंपों में शामिल है। इसमें देशभर से चयनित उत्कृष्ट कैडेट्स को सैन्य अनुशासन और प्रशिक्षण की कठिन कसौटियों से गुजरना पड़ता है। ऐसे राष्ट्रीय कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना कैडेट के लिए गौरव की बात है।

अपनी सफलता पर कैडेट हिमानी ने विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. ममता किरण राव, केयर टेकर ऑफिसर शिवानी पाण्डेय, 20 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमान अधिकारी, फिजिकल इंस्ट्रक्टर स्टाफ, गर्ल कैडेट इंस्ट्रक्टर स्टाफ तथा लखनऊ ग्रुप एनसीसी के समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मिले मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। हिमानी की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों एवं सहपाठियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
