प्रदेशभर में हिंदू हुंकार रैली निकालने का ऐलान, विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी
लखनऊ स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में योगी सेना (भारत) के राष्ट्रीय प्रमुख गौरव वर्मा और अखंड हिंदू वाहिनी के संस्थापक रुद्र त्रिपाठी ‘वीरू भैया’ ने रैली की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रैली के विभिन्न चरणों की शुरुआत 27 सितंबर को शाहजहांपुर जिले के पुवायां से की जाएगी। इसके बाद इसे प्रदेश के अन्य जिलों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा।
अखंड हिंदू वाहिनी के संस्थापक रुद्र त्रिपाठी ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में सनातन बोर्ड का गठन, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करना, धर्मदान एक्ट लागू करना, धर्मार्थ कल्याण बोर्ड का गठन तथा पंजीकृत मंदिरों के पुजारियों को मासिक मानदेय अथवा वेतन दिए जाने की मांग शामिल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद हिंदू समाज से जुड़ी उनकी मांगों के पक्ष में अब तक अपेक्षित स्तर पर विधायी पहल नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में हिंदुओं की समस्याओं को लेकर कई स्थानों पर सुनवाई नहीं हो रही है। हालांकि, ये सभी आरोप संगठन के पदाधिकारियों द्वारा पत्रकार वार्ता में लगाए गए।
योगी सेना (भारत) के राष्ट्रीय प्रमुख गौरव वर्मा ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद अब काशी और मथुरा से जुड़े धार्मिक स्थलों को लेकर भी हिंदू समाज की अपेक्षाएं हैं। उन्होंने ज्ञानवापी परिसर से संबंधित विवाद में काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तार तथा मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग भी उठाई।
पत्रकार वार्ता में बाबा महादेव (संरक्षक), एडवोकेट मोहित मिश्रा (उपाध्यक्ष), ज्योति वर्मा (महासचिव), सूरज साहू (सचिव), सत्यम पांडे (प्रभारी), शैलेंद्र प्रताप सिंह (अध्यक्ष छात्र संघ), दीपक दीक्षित (अध्यक्ष), प्रतीक वर्मा (कोषाध्यक्ष), संतोष दीक्षित (प्रदेश मंत्री), रमेश कुमार द्विवेदी (प्रदेश सचिव), विशाल अवस्थी (जिलाध्यक्ष), प्रशांत मिश्रा, प्रियांशु निगम (नेता), एडवोकेट प्रमोद मिश्रा (सलाहकार), विशाल तिवारी (वरिष्ठ सदस्य), विनीत मिश्रा (महामंत्री), एडवोकेट सोनल मिश्रा, संदीप कश्यप (अध्यक्ष मोहनलालगंज), पुनीत वर्मा (उपाध्यक्ष) समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
