देशभक्ति के रंग में रंगा हिन्दुस्तान बाल विद्या मंदिर, छात्र-छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
लखनऊ। न्यू हैदरगंज स्थित हिन्दुस्तान बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद रजनी गुप्ता भुर्जी और विद्यालय के प्रबंधक डॉ. एच.एन. मिश्र ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भव्य प्रभातफेरी निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।
इसके बाद विद्यालय की सचिव श्रीमती प्रमिला ने महामहिम राष्ट्रपति का संदेश विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह देखते ही बना। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संकल्प का आह्वान
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. एच.एन. मिश्र ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की सफलता पर शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब समाज से बुराइयों को दूर करने के लिए सभी मिलकर प्रयास करें।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों से सामाजिक कुरीतियों, भ्रष्टाचार और नारी उत्पीड़न जैसी बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। समारोह पूरे परिसर में देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ संपन्न हुआ।
