25 नवंबर से शुरू होगा हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव, 25 राज्यों के शिल्पकार होंगे शामिल
लखनऊ, 17 सितंबर 2026। हस्तशिल्प, कुटीर एवं लघु उद्योग से जुड़े कारीगरों और छोटे उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने तथा भारतीय पारंपरिक कला और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव का आयोजन इस वर्ष भी लखनऊ में किया जाएगा। पांच वर्षों से आयोजित हो रहे इस महोत्सव का आयोजन 25 नवंबर से 30 दिसंबर 2026 तक आशियाना स्थित मान्यवर श्री कांशीराम जी सांस्कृतिक स्थल, स्मृति उपवन में होगा।
महोत्सव को लेकर यूपी प्रेस क्लब, लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह और गुंजन वर्मा ने बताया कि इस बार देश के करीब 25 राज्यों के हस्तशिल्पकार और छोटे उद्यमी महोत्सव में हिस्सा लेंगे। प्रतिभागी अपने पारंपरिक हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन करने के साथ उनकी बिक्री भी कर सकेंगे।
लखनऊ के 50 कारीगरों को निशुल्क स्टॉल
आयोजन समिति के मुताबिक, लखनऊ के निम्न आय वर्ग से जुड़े करीब 50 हस्तशिल्पकारों को निशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर कारीगरों को भी अपने उत्पादों के लिए बाजार और ग्राहकों तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराना है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि महोत्सव को केवल खरीद-बिक्री या उत्पाद प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा गया है। इसका उद्देश्य उन शिल्पकारों को सम्मान और पहचान दिलाना है, जो पीढ़ियों से पारंपरिक कला एवं हुनर को आगे बढ़ा रहे हैं। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
रोजाना शाम 4 से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजन समिति की अध्यक्ष गुंजन वर्मा ने बताया कि महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक लोक कला, संस्कृति, नृत्य, गायन, वादन और साहित्य से जुड़े कलाकारों को निशुल्क मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष लोकप्रिय कलाकारों और सेलिब्रिटी को भी आमंत्रित करने के लिए बातचीत चल रही है। संभावित आमंत्रित कलाकारों में भोजपुरी गायक पवन सिंह, भजन गायक कन्हैया मित्तल, बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री, फिल्म अभिनेता विनोद सत्य एवं उनकी टीम तथा साहित्य जगत के वरिष्ठ कवि शामिल हैं। हालांकि, कलाकारों की भागीदारी की अंतिम पुष्टि होने के बाद ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
आर्थिक रूप से कमजोर शिल्पकारों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास
आयोजन समिति के संरक्षण मंडल से जुड़े समीर शेख और संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े शिल्पकारों को मुख्यधारा से जोड़ा जाए और उन्हें रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर मिलें।
आयोजन समिति के अनुसार, महोत्सव को सरोजिनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, एमएलसी पवन सिंह चौहान, पूर्व आईजी आर.के. चतुर्वेदी और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन एवं संरक्षण प्राप्त है।
350 सीसीटीवी कैमरों और 100 से अधिक सुरक्षा गार्डों की तैनाती
महोत्सव में आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। आयोजन समिति की सदस्य मोनालिसा रोली जायसवाल ने बताया कि पूरे परिसर की निगरानी के लिए करीब 350 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा 100 से अधिक निजी सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे।
आगंतुकों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय और स्वच्छता समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान रनवीर सिंह, हेमू चौरसिया, मोनालिसा रोली जायसवाल, मनोज सिंह चौहान, प्रदीप शुक्ला, रोली सिंह, विवेक सिंह, सरूपा तिवारी, नीलम श्रीवास्तव, तृप्ति पांडे, प्रखर सिंह, शारिफ हुसैन, नीरज यादव समेत आयोजन समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
