ऐतिहासिक जीत: अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ (AIFODE) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने इं. एन.डी. द्विवेदी, लखनऊ में हुआ भव्य स्वागत
लखनऊ | 08 अप्रैल, 2026: उत्तर प्रदेश के अभियांत्रिकी इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। 1968 में अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स फेडरेशन के गठन के बाद, इसके 58 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में पहली बार उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) से इं. एन.डी. द्विवेदी को भारी बहुमत के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद राजधानी लखनऊ आगमन पर उनका ऐसा स्वागत हुआ जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
शताब्दी एक्सप्रेस से उतरते ही ढोल-नगाड़ों की गूँज
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद जब श्री द्विवेदी शताब्दी एक्सप्रेस से लखनऊ पहुंचे, तो स्टेशन पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के अध्यक्ष इं. एच.एन. मिश्रा के नेतृत्व में 24 घटक संघों के पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
स्टेशन से शुरू हुआ यह विजय जुलूस महासंघ कार्यालय पहुंचा, जहाँ मिष्ठान वितरण के बाद ऐतिहासिक जुलूस के रूप में डिप्लोमा इंजीनियर्स भवन (लोक निर्माण विभाग) पहुंचा। यहाँ पर उन्हें गदा भेंट कर सम्मानित किया गया।
4 लाख इंजीनियरों का करेंगे प्रतिनिधित्व
अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स फेडरेशन देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रीय विभागों में कार्यरत 4 लाख से अधिक डिप्लोमा इंजीनियरों का प्रतिनिधित्व करता है। उत्तर प्रदेश पीडब्ल्यूडी संघ को पहली बार यह राष्ट्रीय नेतृत्व मिलने से प्रदेश के इंजीनियरों में भारी उत्साह है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का संकल्प: पुरानी पेंशन और तकनीकी आयोग के लिए संघर्ष
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष इं. एन.डी. द्विवेदी ने अपनी भावी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहाहमारा लक्ष्य संवर्ग का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान बनाए रखना है। पूरे देश में एक समान वेतन, पुरानी पेंशन (OPS) बहाली और तकनीकी आयोग के गठन के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा।"
कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति
समारोह का सफल संचालन इं. राजर्षि त्रिपाठी ने किया। इस दौरान शाहजहाँपुर जनपद सचिव इं. अहमद मुबीन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल रहे:
-
शिवबरन सिंह यादव (महामंत्री, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद)
-
इं. भानू प्रताप निरंजन (वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महासंघ)
-
इं. तुलसीराम (महासचिव), इं. विकास मिश्र (अध्यक्ष, जल निगम), इं. पवन पाण्डेय (महासचिव, जल निगम)।
-
इसके अलावा आवास विकास, लघु सिंचाई, सेतु निगम और लेखपाल संघ सहित विभिन्न विभागों के सैकड़ों पदाधिकारी उपस्थित रहे।
