वनवासी छात्रावास के सहयोगियों को अंगवस्त्र भेंटकर किया सम्मानित
धनतेरस की पूर्व संध्या पर समर्पण सेवा संस्थान ने आयोजित किया सम्मान समारोह, अतिथियों ने सेवा कार्यों की सराहना की
बलरामपुर। समर्पण सेवा संस्थान से संबद्ध महाराणा प्रताप वनवासी छात्रावास की ओर से धनतेरस की पूर्व संध्या पर गुरुवार रात सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्रावास समिति के संचालन और सेवा कार्यों में सहयोग देने वाले प्रमुख सहयोगियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीराम जन्मभूमि के विजयी पक्षकार राजेन्द्र सिंह ने की। उन्होंने समिति की ओर से संचालित छात्रावास के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इसके सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी लोग प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने सभी सहयोगियों के योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

समिति के जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि छात्रावास का संचालन सेवा, संस्कार और संगठन के साथ वनवासी, नगरवासी एवं ग्रामवासी सभी के कल्याण की भावना को केंद्र में रखकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले सभी विद्यार्थी अपने अथक परिश्रम और उपलब्धियों से सभी को गौरवान्वित कर रहे हैं।

समिति के महामंत्री इंदुभूषण जायसवाल ने अतिथियों और सहयोगियों का स्वागत किया। साथ ही छात्रावास की ओर से आयोजित किए जाने वाले आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में संरक्षक डॉ. कौशल्या गुप्ता, प्रो. एस.एन. सिंह, डॉ. कुलदीप विश्वकर्मा, डॉ. सतीश सिंह और आलोक श्रीवास्तव ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

कार्यक्रम का संचालन समिति के सह प्रमुख प्रचार-प्रसार लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेन्द्र कुमार चौहान ने किया। इस दौरान प्रमुख सहयोगियों प्रो. सर्वेश्वर नाथ सिंह, अजीत सिंह, डॉ. कुलदीप विश्वकर्मा, डॉ. सतीश सिंह, आलोक श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, राम खेक्वान वर्मा, संजय रस्तोगी, मीरा श्रीवास्तव और मनीष श्रीवास्तव को उनके सराहनीय योगदान के लिए अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष मंगल बाबू, संगठन मंत्री सचिन, प्रचार-प्रसार प्रमुख अखिलेश्वर तिवारी, राम कुमार मिश्र और वेदप्रकाश मिश्र सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
