महिला सफाईकर्मियों का सम्मान: नगर पालिका परिषद बलरामपुर ने भेंट किए सूट और साड़ियाँ
Honoring women sanitation workers: Municipal Council Balrampur presented suits and saris
Tue, 25 Nov 2025
बलरामपुर। आदर्श नगरपालिका परिषद बलरामपुर में महिला सफाईकर्मियों को सम्मानित करने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ और अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य ने सभी महिला सफाई कर्मचारियों को तीन-तीन सूट और साड़ियाँ प्रदान कीं।
अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैस ने बताया कि महिलाओं को दैनिक उपयोग के लिए दो साड़ियाँ और एक सूट, जबकि त्योहारों पर पहनने के लिए एक अतिरिक्त साड़ी और एक सूट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगरपालिका प्रशासन हमेशा सफाईकर्मियों के परिश्रम को सम्मान की दृष्टि से देखता है और उनके लिए बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।
अध्यक्ष डॉ. धीरू ने कहा, “नगर की स्वच्छता में महिला सफाईकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी मेहनत से ही शहर स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहता है। उन्हें सम्मान और प्रोत्साहन देना हमारा कर्तव्य है। भविष्य में भी नगर पालिका इस तरह के कल्याणकारी प्रयास जारी रखेगी।” कार्यक्रम में सफाई निरीक्षक दिवाकर पांडेय, सफाई लिपिक अरविंद सिंह, गौरव मिश्र, शिवम मिश्र, सफाई नायक और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
