आजाद समाज पार्टी के सदस्यता अभियान में सैकड़ों लोग हुए शामिल
लखीमपुर खीरी। आजाद समाज पार्टी कांशीराम फ्रंटल संगठन, लखनऊ मंडल के तत्वावधान में विधानसभा मोहम्मदी के कस्बा मोहम्मदी में सदस्यता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ के दिशा-निर्देश पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ मंडल प्रभारी विनोद गौतम उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में किसान मोर्चा के लखनऊ मंडल संयोजक इमरान मंसूरी सहित मंडल एवं जनपद के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिशुपाल गौतम एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।
इस दौरान लखनऊ मंडल प्रभारी विनोद गौतम ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को दलित, पीड़ित और वंचित समाज को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए, ताकि लोगों को राशन के लिए लंबी कतारों में न लगना पड़े। उन्होंने बहुजन समाज पर हो रहे अत्याचारों का मुद्दा भी उठाया।
कार्यक्रम में छात्र मोर्चा और अन्य संगठन पदाधिकारियों ने भी पार्टी की नीतियों और दिशा-निर्देशों पर अपने विचार रखे। वहीं, लखनऊ मंडल के कैडर संयोजक अवधेश भारती ने बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं पर चिंता जताई।
सदस्यता अभियान के दौरान विभिन्न दलों से जुड़े कई लोगों ने आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वर्ष 2027 में एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रभारी नरेश चंद्र गौतम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
