‘मैं फाइनल वॉर्निंग दे रहा हूं…’, पृथ्वी शॉ ने योगराज सिंह को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

विनोद कांबली से तुलना किए जाने पर भड़के क्रिकेटर, बोले- अतीत छिपाने की जरूरत नहीं, लेकिन मेरी छवि खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं

 
‘मैं फाइनल वॉर्निंग दे रहा हूं…’, पृथ्वी शॉ ने योगराज सिंह को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। यह विवाद योगराज सिंह के एक इंटरव्यू में दिए गए बयान के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने पृथ्वी शॉ की जीवनशैली की तुलना पूर्व भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली से की थी। योगराज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पृथ्वी शॉ ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि वह अपने अतीत को स्वीकार करते हैं, लेकिन किसी को भी उनके नाम और छवि का इस्तेमाल करके नकारात्मकता फैलाने की अनुमति नहीं देंगे।

योगराज सिंह ने पृथ्वी शॉ की जीवनशैली पर उठाए सवाल

इंटरव्यू के दौरान योगराज सिंह से पृथ्वी शॉ के क्रिकेट करियर में आई गिरावट को लेकर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कहा कि उनसे पहले विनोद कांबली के साथ भी ऐसा हो चुका है। योगराज ने इसकी वजह बताते हुए पार्टी करने, शराब और सिगरेट के सेवन तथा महिलाओं के पीछे भागने जैसी आदतों का जिक्र किया।

उन्होंने आगे कहा कि जब कोई खिलाड़ी पार्टियों में जाने और शराब आदि के सेवन में व्यस्त हो जाता है, तो उसे समझना चाहिए कि वह गलत संगत में पड़ रहा है। इसी संदर्भ में उन्होंने पृथ्वी शॉ की तुलना विनोद कांबली से की। उनके इस बयान के सामने आने के बाद क्रिकेट जगत और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं।

पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम पर जारी किया बयान

योगराज सिंह के बयान पर पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्वीकार किया कि उनका अतीत किसी से छिपा नहीं है और उन्हें उसे लेकर शर्मिंदा होने या कुछ छिपाने की जरूरत नहीं है। हालांकि, उन्होंने उन लोगों पर नाराजगी जताई जो उनके नाम और निजी जीवन का इस्तेमाल कथित तौर पर नकारात्मकता फैलाने तथा विवाद खड़ा करने के लिए कर रहे हैं।

शॉ ने अपने बयान में कहा, “मेरा अतीत मेरे जीवन का हिस्सा है। मेरे पास शर्मिंदा होने या छिपाने के लिए कोई वजह नहीं है। लेकिन मैं ऐसे लोगों को कतई बर्दाश्त नहीं करूंगा, जो जानबूझकर मेरा नाम, मेरी जिंदगी और मेरे अतीत के नाम पर नकारात्मकता फैलाने, मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने, बिना वजह विवाद खड़ा करने और केवल लोगों का ध्यान खींचने के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा, “यह मेरी तरफ से फाइनल वॉर्निंग है। ऐसी गतिविधि में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।” पृथ्वी शॉ के इस बयान के बाद योगराज सिंह की टिप्पणी और उस पर शॉ की प्रतिक्रिया को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल यह विवाद दोनों के बयानों तक सीमित है।

Tags