किसानों की समस्याएं नहीं सुलझीं तो 2027 में सरकार को सबक सिखाएंगे: भाकियू भानु
दुबग्गा चौराहे पर सदस्यता अभियान और पदाधिकारी सम्मान समारोह में सरकार व प्रशासन पर साधा निशाना, रायबरेली के सैकड़ों किसानों ने ग्रहण की संगठन की सदस्यता
लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा चौराहे पर रविवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए विशाल सदस्यता अभियान एवं पदाधिकारी सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में संगठन के नेताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक किसानों की सुनवाई नहीं हो रही है और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया जा रहा।
भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय प्रवक्ता ठा. शिव कुमार सोमवंशी ने कहा कि किसानों का लगातार उत्पीड़न हो रहा है। अधिकारियों को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समाधान करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
2027 में बदलाव की चेतावनी
सभा को संबोधित करते हुए भाकियू नेताओं ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और प्रशासन ने अपना रवैया नहीं बदला, तो किसान 2027 में सरकार को सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।नेताओं ने प्रशासन से किसानों की शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान देने और समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
रायबरेली के सैकड़ों किसानों ने ग्रहण की सदस्यता
कार्यक्रम के दौरान रायबरेली से पहुंचे सैकड़ों किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) छोड़कर भारतीय किसान यूनियन (भानु) की सदस्यता ग्रहण की। ठा. शिव कुमार सोमवंशी के नेतृत्व में किसानों ने संगठन से जुड़ने की घोषणा की।
संगठन ने इस मौके पर युवा पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपीं। आकाश मिश्रा को युवा प्रदेश महासचिव और रविकांत यादव को युवा जिला अध्यक्ष, रायबरेली नियुक्त किया गया। शीर्ष नेतृत्व की ओर से दोनों पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
पदाधिकारियों और किसानों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम की अध्यक्षता ईश्वरदीन यादव ने की। आयोजन युवा मंडल अध्यक्ष लखनऊ मो. आरिफ और युवा प्रदेश महासचिव मो. सलामत गाज़ी के नेतृत्व में हुआ।समारोह में राष्ट्रीय महासचिव आशु चौधरी, मंडल अध्यक्ष लखनऊ केके सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा, प्रमुख मंडल प्रभारी लखनऊ विनोद सिंह, प्रदेश महासचिव रविंद्र सिंह और अशोक यादव समेत बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।कार्यक्रम में किसान हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने और किसानों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
