100 से अधिक सितारों के साथ अबू धाबी में सजेगा IIFA 2027 का मंच, सलमान खान से राम चरण तक दिखेगा सितारों का जलवा
22 और 23 जनवरी 2027 को यस आइलैंड के एतिहाद एरिना में आयोजित होगा 27वां IIFA वीकेंड एवं अवॉर्ड्स समारोह
मुंबई। भारतीय सिनेमा की चमक एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर नजर आने वाली है। इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अपने 27वें संस्करण को भव्य रूप देने की तैयारी में जुटी है। अबू धाबी के यस आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में 22 और 23 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले IIFA वीकेंड एवं अवॉर्ड्स समारोह में 100 से अधिक फिल्मी सितारे, निर्माता, संगीतकार और मनोरंजन जगत की जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में सलमान खान, शाहिद कपूर, करीना कपूर खान, राम चरण, विक्की कौशल, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, जान्हवी कपूर, रश्मिका मंदाना, नोरा फतेही, अनुपम खेर, विक्रांत मैसी, मृणाल ठाकुर और उर्वशी रौतेला सहित कई लोकप्रिय कलाकार अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।
समारोह की मेजबानी और मनोरंजन का जिम्मा भी जाने-माने सितारों के हाथों में होगा। करण जौहर, वरुण धवन, मनीष पॉल और अनन्या पांडे होस्ट एवं परफॉर्मर के रूप में मंच पर नजर आएंगे। वहीं, संगीत प्रेमियों के लिए एआर रहमान, हिमेश रेशमिया और सुनिधि चौहान की प्रस्तुतियां खास आकर्षण रहेंगी।
फिल्म निर्माण और निर्देशन जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी समारोह का हिस्सा बनेंगी। इनमें बोनी कपूर, रमेश तौरानी, राकेश ओमप्रकाश मेहरा, आशुतोष गोवारिकर, डेविड धवन और राजकुमार संतोषी के नाम शामिल हैं। अभिनेता रवि किशन और चंकी पांडे भी आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।
IIFA के सह-संस्थापक आंद्रे टिमिन्स ने कहा कि 27वां संस्करण एकेडमी के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा और भव्य आयोजन बनने जा रहा है। उनके अनुसार, 100 से अधिक सितारों, फिल्म निर्माताओं और संगीत जगत की प्रमुख हस्तियों की भागीदारी भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आयोजकों के अनुसार, IIFA अवॉर्ड्स 2027 और IIFA डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 के टिकटों की बिक्री शुरू हो चुकी है। ऐसे में जनवरी में होने वाला यह आयोजन भारतीय सिनेमा, संगीत और मनोरंजन जगत के सितारों को एक मंच पर लाने के साथ अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए भी खास आकर्षण बनने जा रहा है।
