आईआईटी कानपुर में राजधानी के विद्यार्थियों को मिलेगा कोडिंग और वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रशिक्षण
संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल कार्यालय के मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आईआईटी कानपुर के ऑनलाइन रूरल एजुकेशन इनिशिएटिव (O.R.E.I.) के अंतर्गत विज्ञान समर कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में कोडिंग, प्रयोगात्मक कौशल और वैज्ञानिक सोच का विकास करना है।
यह विज्ञान समर कैम्प 25 मई से 24 जून 2026 तक आयोजित होगा। शिविर का समय प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसमें राजधानी के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 9 एवं 11 विज्ञान वर्ग के कुल 6 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
शिविर पूर्णतः निशुल्क रहेगा। आयोजन स्थल आईआईटी कानपुर स्थित रंजीत सिंह रोजी शिक्षा केन्द्र होगा, जबकि चयनित विद्यार्थियों के लिए आवास एवं भोजन की व्यवस्था आईआईटी कानपुर के हॉस्टल में निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि जल्द ही चयनित विद्यार्थियों की सूची तैयार कर अनुभवी शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में उन्हें विज्ञान समर कैम्प के लिए भेजा जाएगा। वहीं संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को चयनित विद्यार्थियों की सूची शीघ्र राज्य परियोजना कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए शासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास “विकसित उत्तर प्रदेश @2047” के मजबूत आधार सिद्ध होंगे।
