अवैध प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, 11 वर्षीय बेटे के सिर से उठा पिता का साया

पत्नी ने प्रेमी व उसके दोस्त संग मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या की
 
पत्नी ने प्रेमी व उसके दोस्त संग मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या की
हैदराबाद। अवैध प्रेम संबंध के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 36 वर्षीय महिला ने अपने 22 वर्षीय प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपने ही पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक अशोक (45) की शादी 12 वर्ष पूर्व पूर्णिमा (36) से हुई थी। दोनों अपने 11 वर्षीय बेटे के साथ एक कॉलोनी में रहते थे। अशोक एक निजी कॉलेज में नौकरी करता था, जबकि उसकी पत्नी पूर्णिमा घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी।इसी दौरान कॉलोनी में रहने वाले पालेटी महेश (22) से पूर्णिमा की नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच अवैध संबंध स्थापित हो गए। जब अशोक को इस संबंध की जानकारी हुई तो उसने पत्नी को कई बार समझाने और संबंध खत्म करने के लिए चेतावनी दी, लेकिन पूर्णिमा ने उसकी बातों को नजरअंदाज कर दिया।

हत्या की रची गई साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि पति को रास्ते से हटाने के बाद प्रेम संबंध में कोई बाधा नहीं रहेगी, इसी सोच के तहत पूर्णिमा ने अपने प्रेमी महेश और उसके दोस्त साई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।11 दिसंबर को जब अशोक ड्यूटी से घर लौटा, तो घर में पहले से मौजूद महेश और साई ने पूर्णिमा के साथ मिलकर चुन्नी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पूर्णिमा ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति की मौत हार्ट अटैक से हुई है।

पोस्टमार्टम से हुआ खुलासा

हालांकि, मृतक के परिजनों को महिला की कहानी पर संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अशोक की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने पूर्णिमा, महेश और साई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Tags