22 वर्षों बाद लखनऊ में IMA की स्टेट वर्किंग कमेटी मीटिंग, प्रदेशभर के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य और संगठन से जुड़े मुद्दों पर किया मंथन
लखनऊ, 23 अगस्त 2026। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), उत्तर प्रदेश की 3rd स्टेट वर्किंग कमेटी (SWC) मीटिंग 2026 का आयोजन रविवार को आमोध रिजॉर्ट, लखनऊ में IMA लखनऊ शाखा की मेजबानी में किया गया। करीब 22 वर्षों के अंतराल के बाद IMA लखनऊ शाखा को स्टेट वर्किंग कमेटी मीटिंग की मेजबानी का अवसर मिला। इस कारण यह आयोजन राजधानी के चिकित्सा समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए IMA के पदाधिकारियों, स्टेट वर्किंग कमेटी सदस्यों, विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन की गतिविधियों, स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों की सुरक्षा, पेशेवर हितों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगठन की भूमिका और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा
कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में IMA UP स्टेट पैट्रन एवं Past National President IMA डॉ. शरद कुमार अग्रवाल ने संगठन की गतिविधियों और चिकित्सा जगत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखे। उन्होंने IMA की भूमिका को और प्रभावी बनाने, चिकित्सकों और समाज के बीच विश्वास मजबूत करने तथा सरकार के साथ सकारात्मक संवाद के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
इसके बाद स्टेट वर्किंग कमेटी ने पिछली बैठक के बाद IMA उत्तर प्रदेश द्वारा किए गए कार्यों और लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही आने वाले महीनों की कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों तथा चिकित्सकों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई सकारात्मक मुलाकात
बैठक के दौरान डॉ. शरद कुमार अग्रवाल और IMA UP स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. राजीव गोयल ने बताया कि 22 अगस्त 2026 को IMA के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक सकारात्मक रही।
प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विभिन्न विषयों एवं समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा। IMA पदाधिकारियों के मुताबिक इन मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और चिकित्सा समुदाय के बीच संवाद लगातार मजबूत हो रहा है तथा चिकित्सकों से जुड़े विषयों को सरकार गंभीरता से सुन रही है। IMA ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सरकार के साथ निरंतर रचनात्मक सहयोग और संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
CME में 16 विशेषज्ञों ने साझा किया चिकित्सा ज्ञान
स्टेट वर्किंग कमेटी मीटिंग के साथ स्टेट लेवल रिफ्रेशर कोर्स एवं CME (Continuing Medical Education) का भी आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं से जुड़े 16 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नवीनतम चिकित्सा ज्ञान, उपचार की आधुनिक पद्धतियों और अपने क्लिनिकल अनुभव साझा किए।
डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने कहा कि स्टेट वर्किंग कमेटी मीटिंग और स्टेट लेवल रिफ्रेशर कोर्स एवं CME का एक साथ आयोजन संगठनात्मक संवाद के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान तेजी से विकसित हो रहा है और ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों को नई तकनीकों, उपचार पद्धतियों और नवीनतम चिकित्सा ज्ञान से अपडेट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
22 साल बाद मेजबानी पर IMA लखनऊ को गर्व
IMA लखनऊ शाखा की ओर से डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने कहा कि लगभग 22 वर्षों बाद लखनऊ शाखा को स्टेट वर्किंग कमेटी मीटिंग की मेजबानी का अवसर मिलना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य प्रदेशभर से आए IMA पदाधिकारियों और चिकित्सकों को संगठनात्मक विचार-विमर्श के साथ एक सार्थक अकादमिक मंच उपलब्ध कराना भी था।
उन्होंने बताया कि स्टेट लेवल रिफ्रेशर कोर्स एवं CME में विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों ने नवीन चिकित्सा ज्ञान और अपने क्लिनिकल अनुभव साझा किए। इससे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए चिकित्सकों को अपने ज्ञान को अपडेट करने और चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवीनतम बदलावों से जुड़ने का अवसर मिला।
