PMJAY के प्रभावी क्रियान्वयन में बलरामपुर अस्पताल लखनऊ प्रदेश में अव्वल, मिला प्रतिष्ठित सम्मान
लखनऊ, 7 अक्टूबर 2026। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के सफल 8 वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के 5 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राज्य स्तरीय ‘आयुष्मान संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बलरामपुर अस्पताल, लखनऊ को PMJAY के प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए सम्मानित किया गया।
बलरामपुर अस्पताल को PMJAY के तहत प्री-ऑथराइजेशन (Pre-Authorization) और क्लेम इंसेंटिव के प्रभावी एवं उत्कृष्ट उपयोग के लिए प्रदेश के शीर्ष जिला अस्पतालों में चयनित किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अस्पताल को यह सम्मान प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
आयुष्मान संवाद कार्यक्रम में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती हेकाली झिमोमी, सचिव श्रीमती ऋतु माहेश्वरी और SACHIS की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) श्रीमती अर्चना वर्मा समेत स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों द्वारा स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी संचालन और लाभार्थियों तक सेवाएं पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की गई।
अस्पताल के अधिकारियों ने ग्रहण किया सम्मान
बलरामपुर अस्पताल की ओर से निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.के.एस. चौहान तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया।अस्पताल की कार्यप्रणाली और PMJAY से जुड़ी प्रक्रियाओं के प्रभावी संचालन को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार बताया गया।
पात्र लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्राथमिकता
इस उपलब्धि पर बलरामपुर अस्पताल के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.के.एस. चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना अस्पताल की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्री-ऑथराइजेशन और क्लेम निस्तारण की प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से संचालित किया जा रहा है। इसके लिए अस्पताल की चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक टीम लगातार समर्पित होकर कार्य कर रही है।
डॉ. चौहान ने कहा कि यह सम्मान केवल अस्पताल की उपलब्धि नहीं, बल्कि इससे जुड़े प्रत्येक चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और कर्मचारी की मेहनत तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।बलरामपुर अस्पताल प्रशासन के अनुसार, PMJAY के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और योजना के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
