जनता दर्शन में सीएम ने सुनीं करीब 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
गोरखपुर, 27 जनवरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार देर शाम गोरखपुर पहुंचे और गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास के बाद मंगलवार सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 200 फरियादियों से मुलाकात कर उनके प्रार्थना पत्रों को ध्यानपूर्वक पढ़ा और आश्वस्त किया—घबराइए मत, आपकी हर समस्या का समाधान कराया जाएगा।”
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों तक पहुंचे और आत्मीय भाव से लोगों से संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पीड़ित की समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
गंभीर बीमारियों के इलाज में सरकार बनेगी सहारा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इलाज में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की, उन्हें पढ़ाई और स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया तथा मिष्ठान्न भी वितरित किए।
गोशाला में की गोसेवा, मोर ‘पुंज’ पर लुटाया स्नेह
मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नत किया। इसके पश्चात वे मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोवंशों को नाम लेकर पुकारा, दुलारा और अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया।गोशाला में मौजूद मोर ‘पुंज’ भी मुख्यमंत्री के पास आ गया। मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक उसे रोटी के छोटे टुकड़े खिलाए और कुछ समय तक उसके साथ आत्मीय क्षण बिताए।
