विनीत खंड-2 जन कल्याण समिति की बैठक में पार्क, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं पर लिए गए अहम फैसले
लखनऊ, अगस्त 2026।विनीत खंड-2 जन कल्याण समिति की प्रबंध कार्यकारिणी समिति की चतुर्थ बैठक अध्यक्ष सुभाष मणि तिवारीकी अध्यक्षता में डॉ. श्री हर्ष के क्लीनिक परिसर में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र की नागरिक सुविधाओं, पार्कों के रखरखाव, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए कार्यक्रम तथा स्वतंत्रता दिवस आयोजन सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के अलावा अरुण कुमार राय, पार्षद चिनहट प्रथम वार्डविशेष आमंत्रित के रूप में मौजूद रहे। निर्धारित कोरम से अधिक सदस्यों की उपस्थिति में बैठक विधिवत आयोजित की गई।
आठों पार्कों के रखरखाव पर विशेष ध्यान
समिति ने क्षेत्र के आठों पार्कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सफाई, सिंचाई, कूड़ा उठान, जलापूर्ति, पौधरोपण, माली की नियुक्ति, सबमर्सिबल पंप, वॉक-वे, वर्षा जल संचयन और प्रकाश व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
पार्कों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समूह-1 को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई। उपाध्यक्ष रतन सिंह नेगी के नेतृत्व में यह समूह नगर निगम एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगा।
ओंकारेश्वर पार्क में ओपन जिम का काम जारी
बैठक में ओंकारेश्वर पार्क में प्रस्तावित ओपन जिम की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। समिति के अनुसार, 5 अगस्त को नौ जिम मशीनों की नींव का कार्य पूरा हो चुका है और लगभग तीन सप्ताह में मशीनों की स्थापना पूरी होने की संभावना है। इसके बाद उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं पर भी चर्चा
12 मीटर रोड पर लंबित नाली एवं खड़ंजा निर्माण को शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया गया। मानसून के दौरान क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानी को देखते हुए संबंधित पार्षद एवं कार्यदायी संस्था के साथ समन्वय बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
क्षेत्र की तीन स्ट्रीट लाइटों से जुड़ी समस्या पर भी कार्रवाई की समीक्षा की गई। नगर निगम के जोन-4 मार्ग प्रकाश विभाग के साथ शेष कार्य को जल्द पूरा कराने के लिए फॉलो-अप जारी रखने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा ईएमआर अस्पताल से डीसीपी कार्यालय तक मुख्य मार्ग पर डिवाइडर निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग और मंडलायुक्त को भेजे गए पत्रों की प्रगति की समीक्षा की गई। समिति ने इस मामले में लगातार पैरवी जारी रखने का फैसला किया।
सेवानिवृत्त आईएएस जय शंकर मिश्रा को बनाया जाएगा संरक्षक
समिति ने वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित व्यक्ति को संरक्षक के रूप में जोड़ने के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए सेवानिवृत्त आईएएस जय शंकर मिश्रा को समिति का संरक्षक बनाए जाने का निर्णय लिया। अध्यक्ष के समन्वय से समिति के पदाधिकारी उनसे औपचारिक मुलाकात करेंगे।
मैक्स हॉस्पिटल गोल्ड कार्ड सुविधा की समीक्षा
क्षेत्रवासियों के लिए उपलब्ध मैक्स हॉस्पिटल की चिकित्सा सुविधा और गोल्ड कार्ड योजना की भी समीक्षा की गई। समिति के अनुसार अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक गोल्ड कार्ड जारी एवं सक्रिय किए जा चुके हैं। शेष पात्र निवासियों को भी सुविधा दिलाने के लिए अस्पताल प्रशासन से समन्वय जारी रखने का निर्णय लिया गया।
ई-लाइब्रेरी पार्क में होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
समिति ने 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम ई-लाइब्रेरी वाले पार्क में आयोजित करने का निर्णय लिया। कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय की जिम्मेदारी संगठन सचिव बांकेश्याम त्रिपाठी को सौंपी गई।
इसके साथ ही 13 अगस्त को गोमती नगर में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में समिति एवं क्षेत्रवासियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया गया।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू होगा मासिक मिलन
वरिष्ठ नागरिकों से नियमित संवाद के लिए महीने में एक बार वरिष्ठ नागरिक मिलन कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। पहले चरण में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों का डेटाबेस तैयार किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी महिला प्रभारी चंदा सिंह को दी गई है। डेटाबेस तैयार होने के बाद वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के अनुसार कार्यक्रम का समय, स्थान और स्वरूप तय किया जाएगा।
सावन के बाद ओंकारेश्वर मंदिर की व्यवस्था पर होगा निर्णय
ओंकारेश्वर मंदिर के संचालन के लिए समिति गठित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि सावन माह की समाप्ति तक वर्तमान व्यवस्था में कोई हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। इसके बाद मंदिर की ओर से यदि संचालन व्यवस्था या समिति गठन संबंधी कोई औपचारिक प्रस्ताव प्राप्त होता है, तो उस पर विचार कर उचित निर्णय लिया जाएगा।
समिति सदस्यों को चिकित्सा परामर्श में 20 प्रतिशत छूट
बैठक के मेजबान डॉ. श्री हर्ष, प्लास्टिक सर्जरी विशेषज्ञ एवं चंदन हॉस्पिटल में विभागीय निदेशक, ने समिति सदस्यों के लिए विशेष चिकित्सा सुविधा की घोषणा की। उनके एवं उनकी पत्नी, जो स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ हैं, द्वारा निर्धारित परामर्श शुल्क पर 20 प्रतिशत विशेष छूट देने की घोषणा की गई।
समिति ने इस सहयोग के लिए डॉ. श्री हर्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक के समापन पर अध्यक्ष सुभाष मणि तिवारी ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और विशेष आमंत्रित अरुण कुमार राय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समिति क्षेत्र में स्वच्छता, हरियाली, नागरिक सुविधाओं, स्वास्थ्य, यातायात, पार्क विकास और सामाजिक सहभागिता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय करती रहेगी।
