सर्दियों में सड़क हादसों और गिरने की घटनाओं का बढ़ता खतरा, गोल्डन आवर में इलाज से बच सकती है जान: मेदांता लखनऊ
लखनऊ डेस्क (आर.एल. पाण्डेय)। सर्दियों का मौसम जहां गुनगुनी धूप और सुकून लेकर आता है, वहीं इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं और घरों में गिरने से होने वाले हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है। घना कोहरा, सड़कों पर नमी और कम दृश्यता सड़क हादसों की आशंका बढ़ाते हैं। वहीं, घरों में फिसलकर गिरने से भी गंभीर चोटें लग सकती हैं। ऐसे मामलों में समय पर जांच और उचित उपचार मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
सर्दियों में होने वाले हादसों से बचाव और आपातकालीन उपचार के महत्व को लेकर मेदांता अस्पताल, लखनऊ के विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इस अवसर पर मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर, डायरेक्टर न्यूरोसर्जरी डॉ. कमलेश सिंह भैसोरा एवं डॉ. रवि शंकर, डायरेक्टर इमरजेंसी एंड ट्रॉमा सेंटर डॉ. लोकेन्द्र गुप्ता तथा डायरेक्टर ऑर्थोपेडिक्स डॉ. सौरव शुक्ला, डॉ. सैफ एन शाह और डॉ. धर्मेंद्र सिंह मौजूद रहे।
विशेषज्ञों ने बताया कि घने कोहरे में दृश्यता कम होने से हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की टक्कर का खतरा बढ़ जाता है। सुबह के समय सड़कों पर ओस और नमी के कारण दोपहिया वाहन फिसलने की घटनाएं भी हो सकती हैं। तेज रफ्तार और हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करने से सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने का जोखिम बढ़ जाता है।
मेदांता लखनऊ के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि गंभीर हादसों में शुरुआती जांच और चोटों की सही पहचान बेहद जरूरी है। कई बार मरीज बाहर से सामान्य दिखाई देता है, लेकिन उसके पेट, छाती या मस्तिष्क में अंदरूनी रक्तस्राव अथवा रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट हो सकती है। ऐसी स्थिति में मरीज की हालत अचानक बिगड़ सकती है। इसलिए किसी भी गंभीर दुर्घटना के बाद चिकित्सकीय जांच में देरी नहीं करनी चाहिए।
कोहरे में सड़क हादसों के आंकड़े चिंताजनक
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की रिपोर्ट ‘भारत में सड़क दुर्घटनाएं 2024’ के अनुसार, वर्ष 2024 में देशभर में कोहरे और धुंध के दौरान 33,955 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इन हादसों में 15,115 लोगों की मौत हुई, जबकि 29,827 लोग घायल हुए। वहीं, उत्तर प्रदेश में वर्ष 2024 के दौरान सभी मौसमों में हुई 46,052 सड़क दुर्घटनाओं में 24,118 लोगों की जान चली गई।
गोल्डन आवर में उपचार बेहद महत्वपूर्ण
विशेषज्ञों के अनुसार, किसी गंभीर हादसे के बाद का पहला घंटा ‘गोल्डन आवर’ कहलाता है। इस दौरान मरीज को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जीवनरक्षक साबित हो सकता है। समय पर प्राथमिक उपचार, जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख से गंभीर जटिलताओं और मृत्यु के खतरे को कम करने में मदद मिलती है।
सिर में चोट लगने के बाद बार-बार उल्टी होना, तेज सिरदर्द, अत्यधिक नींद आना, बेहोशी, दोनों आंखों की पुतलियों के आकार में असमानता तथा हाथ-पैरों में कमजोरी जैसे लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये मस्तिष्क में गंभीर चोट के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।
सावधानी बरतकर टाले जा सकते हैं कई हादसे
विशेषज्ञों ने सर्दियों में दुर्घटनाओं से बचने के लिए लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी। वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें तथा घने कोहरे में वाहनों के बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें। घरों में फर्श को सूखा रखें और विशेष रूप से बुजुर्गों को फिसलने एवं गिरने से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतें।
मेदांता में आधुनिक तकनीक से गंभीर मरीजों का उपचार
मेदांता लखनऊ के इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर में मरीज के पहुंचने पर सबसे पहले उसके श्वसन मार्ग, सांस लेने की स्थिति और रक्त परिसंचरण का आकलन किया जाता है। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार फास्ट अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी आधुनिक जांचों के माध्यम से अंदरूनी चोटों की पहचान की जाती है। गंभीर मामलों में ट्रॉमा रिस्पॉन्स टीम और विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ मिलकर तत्काल उपचार शुरू करते हैं।
मेदांता लखनऊ की इमरजेंसी एवं ट्रॉमा केयर सुविधाएं, आधुनिक क्रिटिकल केयर इंफ्रास्ट्रक्चर और अनुभवी विशेषज्ञों की टीम गंभीर रूप से घायल मरीजों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की कि सर्दियों में सड़क और घर दोनों जगह सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। किसी भी गंभीर दुर्घटना या चोट की स्थिति में लापरवाही न बरतें और बिना देरी किए चिकित्सा सहायता प्राप्त करें, क्योंकि समय पर मिला उपचार किसी की जिंदगी बचा सकता है।
