IND vs ZIM: टीम इंडिया की धाकड़ जीत! जिम्बाब्वे को 72 रनों से रौंदा, अर्शदीप और हार्दिक रहे जीत के हीरो
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी और मुकाबला 72 रनों से गंवा बैठी।
इस हार के साथ जिम्बाब्वे की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गईं। वहीं भारत को अंतिम चार में स्थान सुनिश्चित करने के लिए अब वेस्टइंडीज के खिलाफ अगला मुकाबला जीतना होगा। यह अहम मैच 1 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।
अर्शदीप सिंह की घातक गेंदबाजी
जिम्बाब्वे की पारी की शुरुआत ब्रायन बेनेट और मरुमानी ने संभलकर की और पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने सातवें ओवर में तोड़ा, जब उन्होंने मरुमानी को 20 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद डिओन मेयर्स भी सिर्फ 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
हालांकि ब्रायन बेनेट और सिकंदर रजा ने तीसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी कर संघर्ष जरूर किया, लेकिन तब तक मैच भारत की पकड़ में आ चुका था। बेनेट ने अंत तक नाबाद रहते हुए 97 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि रजा ने 31 रन का योगदान दिया। भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह सबसे सफल रहे और उन्होंने तीन विकेट झटके। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने भी एक-एक विकेट हासिल कर टीम की जीत में योगदान दिया।
बल्लेबाजों ने किया दमदार प्रदर्शन
भारतीय बल्लेबाजी इस मुकाबले में पूरी तरह लय में नजर आई। अभिषेक शर्मा, जो पिछले कुछ मैचों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे, उन्होंने 30 गेंदों पर 55 रन बनाकर शानदार वापसी की। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
मध्यक्रम में हार्दिक पांड्या ने फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई और 23 गेंदों में 50 रन की तेजतर्रार पारी खेली। तिलक वर्मा ने भी 16 गेंदों पर 44 रन बनाकर रन गति को और तेज किया। इस प्रभावशाली जीत के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल की दौड़ में खुद को मजबूती से बनाए रखा है। अब सभी की नजरें वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले निर्णायक मुकाबले पर टिकी हैं, जहां जीत भारत को अंतिम चार में पहुंचा सकती है।
