स्वतंत्रता दिवस 2026: विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, विकसित भारत 2047 की अवधारणा पर रहेगा फोकस

Independence Day 2026: Special competitions to be organized for students; focus will be on the concept of 'Viksit Bharat 2047'.
 
स्वतंत्रता दिवस 2026: विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, विकसित भारत 2047 की अवधारणा पर रहेगा फोकस
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के लिए विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने लखनऊ मंडल के सभी विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

zbbz

मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि रक्षा मंत्रालय के सहयोग से MyGov और My Bharat प्लेटफॉर्म पर विद्यार्थियों के लिए कई रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


प्रतियोगिताओं के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। निबंध का विषय “2047 तक विकसित भारत के निर्माण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका” रखा गया है, जबकि पेंटिंग प्रतियोगिता का विषय “भारत 1947 से भारत 2047” निर्धारित किया गया है। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन 1 जून से 15 जुलाई 2026 तक किया जाएगा।


इसके अतिरिक्त 10 जून से 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिताओं की श्रृंखला भी संचालित की जाएगी। इनमें भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं प्रमुख अनुच्छेदों, स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं के योगदान, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में भारत की उपलब्धियों तथा नाभिकीय तकनीक में देश की सफलता से जुड़े विषय शामिल होंगे।


डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें भारत सरकार द्वारा विकसित भारत-2047 के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी परिचित कराएंगे।


संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार ने मंडल के सभी छह जिलों—लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव और रायबरेली—के जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि इन प्रतियोगिताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक माध्यमिक विद्यालयों और विद्यार्थियों की सहभागिता कराई जाए।

Tags